भारत

शव यात्रा में शामिल होने गए लापता युवक का शव नदी में मिला

Admin4
28 Feb 2024 9:08 AM GMT
शव यात्रा में शामिल होने गए लापता युवक का शव नदी में मिला
x
अल्मोड़ा। नगर के विवेकानंद पुरी वार्ड से एक शव यात्रा में शामिल होने गए लापता युवक का शव विश्वनाथ स्थित नदी में मिला है। शव मिलने की सूचना मिलने के बाद पुलिस और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई है। शव को नदी से निकालकर उसका पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बीते 23 फरवरी को नगर के विवेकानंदपुरी निवासी मनोज कन्नौजिया (31) पुत्र जगदीश लाल एक शव यात्रा में शामिल होने के लिए विश्वनाथ घाट गया हुआ था। लेकिन देर शाम होने के बाद भी वह वहां से घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी काफी खोजबीन की। लेकिन मनोज का कहीं पता नहीं चला।
परेशान होकर परिजनों ने कोतवाली अल्मोड़ा में मनोज के लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसके बाद से पुलिस उसकी लगातार खोजबीन कर रही थी। मंगलवार की शाम विश्वनाथ घाट की ओर से गुजर रहे कुछ लोगों ने नदी में एक शव पड़ा देखा। आनन फानन में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। जिसके बाद कोतवाली पुलिस और एनडीआरएफ की टीम तत्काल मौके की ओर रवाना हुई। टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को नदी से निकाला तो उसकी शिनाख्त लापता मनोज कन्नौजिया के रूप में हुई। कोतवाली अल्मोड़ा के एसएसआई सतीश कापड़ी ने बताया कि शव का पंचनामा भर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि मनोज की मौत के बारे में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट तौर पर कुछ कहा जा सकता है। अंदेशा जताया जा रहा है कि शव यात्रा में शामिल होने के बाद मृतक नदी में नहाने उतरा होगा और यह हादसा हो गया होगा। फिलहाल मनोज का शव मिलने के बाद अब उसके परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
Next Story