5 साल की मासूम की लाश गन्ने की खेत में मिली, 3 दिन से थी लापता

यूपी। देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के बरवा सेमरा में तीन दिन पहले खेलते समय गायब पांच वर्षीय मासूम का रविवार की सुबह गन्ने की खेत से शव बरामद किया गया। शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। सीओ सिटी संजय कुमार रेड्डी के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात कर दिया गया है। एसओजी समेत अन्य टीमें मौके पर पहुंच कर जांच कर रही हैं।
मामले में मिली जानकारी के अनुसार तरकुलवा थाना क्षेत्र के बरवा सेमरा गांव निवासी राजू यादव की 5 वर्षीय पुत्री प्रिया यादव शुक्रवार की शाम गांव के ही शिव मंदिर परिसर में अपने दो सहेलियां सोनाली व आयुषी के साथ लुकाछिपी का खेल खेल रही थी। लेकिन देर शाम तक बच्ची अपने घर नहीं लौटी तो मां सुनीता देवी उसको खोजते हुए मंदिर पर पहुंची और लोगों से जानकारी ली। लेकिन बच्ची का देर रात तक भी कुछ पता नहीं चल पाया। परिवार ने बच्ची को खोजना शुरू कर दिया। इस मामले में शनिवार को पुलिस ने अपहरण का केस दर्ज किया और जांच में जुट गई। अभी पुलिस जांच ही कर रही थी कि गांव के पास गन्ने की खेत से मासूम का शव बरामद किया गया है। शव को जानवरों ने भी नोंच दिया है। परिजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। शव मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया है।
देवरिया के सीओ सिटी, संजय कुमार रेड्डी ने इस बारे में जानकारी देते हुए कहा कि गायब मासूम का शव बरामद किया गया है। जांच की जा रही है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।





