भारत

लापता महिला और तीन बच्चों का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस

jantaserishta.com
15 Jan 2026 5:32 PM IST
लापता महिला और तीन बच्चों का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस
x
घटनास्थल पर एसएफएल की टीम को भी बुलाया गया है.
मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित चंदवारा घाट पुल के नीचे बूढ़ी गंडक नदी के किनारे से पुलिस ने गुरुवार को एक महिला और तीन बच्चों का शव बरामद किया है। शव बरामद होने की सूचना के बाद पुलिस के अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। मृतकों की पहचान कृष्ण मोहन कुमार की पत्नी ममता कुमारी, उनके बेटे आदित्य कुमार (6), अंकुश कुमार (4) और पुत्री कृति कुमारी के रूप में हुई है।
बताया गया कि मृतक महिला के पति ने 10 जनवरी को अहियापुर थाना में पत्नी और बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मृतक के पति कृष्ण मोहन का कहना है कि वह काम पर गया था, उसी दौरान उसकी पत्नी अपने तीनों बच्चों को लेकर घर से निकल गई। काफी देर तक जब वे वापस नहीं लौटे तो आसपास खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला।
इसके बाद उसके पास 12 जनवरी को दो अलग-अलग फोन नंबरों से फोन आया कि उसकी पत्नी का अपहरण कर लिया गया है और कहा कि अगर पुलिस को सूचना दी तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। जानकारी के मुताबिक, बखरी सिपाहपुर निवासी कृष्ण मोहन कुमार ऑटो चालक हैं और मुजफ्फरपुर के एक मकान में किराए पर रहते हैं।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि अगर पुलिस ने सही समय पर कार्रवाई की होती तो यह घटना नहीं घटती। इधर, पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। अपहरण, हत्या और पुलिस को मिली धमकी के सभी बिंदुओं को जोड़कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। घटनास्थल पर एसएफएल की टीम को भी बुलाया गया है।
पुलिस ने सभी शवों को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों और यह स्पष्ट हो पाएगा कि मामला हत्या का है या कोई अन्य कारण है। फिलहाल, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story