
x
Chuwari. चुवाड़ी। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने दावा किया है कि कि भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारी बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को करीब 37 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन वर्ष 2027 के चुनाव में पार्टी भारी बढ़त के साथ जीत दर्ज करेगी। उन्होंने हाल ही में हुए पंचायती चुनावों का जिक्र करते हुए दावा किया कि पंचायती चुनाव व जिला परिषद में 95 प्रतिशत सीटों पर भाजपा विचारधारा से जुड़े लोगों ने जीत हासिल की है। उन्होंने इसे प्रदेश में भाजपा के समर्थन का संकेत बताते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी भारी बहुमत के साथ जीत हासिल करेगी। वह शुक्रवार को चुवाड़ी चौगान में भाजपा नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान व कार्यकर्ता सम्मेलन में बोल रहे थे। पूर्व मुख्यमंत्री ने पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव समय पर न करवाने को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने आपदा का हवाला देकर चुनावों में देरी की। जयराम के अनुसार हाईकोर्ट के एक माह के भीतर चुनाव करवाने के निर्देशों के बावजूद सरकार ने चुनाव टालने के लिए सुप्रीम कोर्ट का रुख किया।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यदि सरकार के हाथ में होता तो वह अंतरराष्ट्रीय अदालत का दरवाजा भी खटखटा देती। उन्होंने आरोप लगाया कि अंतत: न्यायालय के निर्देशों के बाद सरकार को चुनाव करवाने पड़े। सम्मेलन के दौरान बिजली की बार-बार होने वाली कटौती का मुद्दा भी चर्चा में रहा। भाजपा नेताओं के संबोधन के बीच बिजली गुल होने पर जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तंज कसते हुए कहा कि बिजली की आंख-मिचौनी वर्तमान सरकार की कार्यप्रणाली को दर्शाती है। सम्मेलन में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं सुलह के विधायक विपिन परमार, सांसद डा. राजीव भारद्वाज, भाजपा सह प्रभारी रमेश राणा, भटियात के पूर्व विधायक विक्रम सिंह जरियाल, जिला परिषद बनेट वार्ड से संदीप पनियाल, जिला महामंत्री सुभाष, जिला उपाध्यक्ष दिव्य चक्षु, मंडल महामंत्री शशि चंद्रयाल और प्रदेश उपाध्यक्ष ज्ञान जरियाल सहित काफी तादाद में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Next Story





