
x
शिमला। दिल्ली के रामलीला मैदान में एक नवंबर को होने जा रही इंडिया गठबंधन की रैली पर भाजपा की तरफ से उठाए जा रहे सवालों का प्रदेश कांग्रेस ने जवाब दिया है। प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि महारैली को लेकर भाजपा चाहे कितनी भी बयानबाजी करे, लेकिन लोकतंत्र से जुड़े सवालों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि जब नागरिकों के अधिकारों, चुनावी पारदर्शिता और संवैधानिक संस्थाओं की जवाबदेही का प्रश्न सामने हो, तो विपक्ष का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने। कांग्रेस इस जिम्मेदारी से पीछे हटने वाली नहीं है। पहली नवंबर की महारैली केवल किसी एक राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग को सामने रखने का अवसर है। इस रैली में इंडिया गठबंधन के नेता और कार्यकर्ता चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता, मतदाता सूचियों की निष्पक्षता और प्रत्येक पात्र नागरिक के वोट की सुरक्षा की मांग को मजबूती से उठाएंगे। वहीं, कांग्रेस कार्यकर्ता देशभर में जनता के बीच जाकर मताधिकार के महत्त्व के बारे में जागरूकता बढ़ाएंगे और यह सुनिश्चित करने की मांग करेंगे कि किसी भी पात्र नागरिक का वोट अनुचित तरीके से न कटे। विनय कुमार ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी भी इस अभियान को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक स्तर पर प्रयास कर रही है। विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस लोकतंत्र, संविधान और जनता के अधिकारों की रक्षा के मुद्दे पर अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
Next Story





