भारत

'आवेदक सीएम हेल्पलाइन में बार-बार शिकायत करने का आदी है'...प्रधान आरक्षक और आरक्षक पर गिरी गाज

jantaserishta.com
14 Feb 2025 3:35 PM IST
आवेदक सीएम हेल्पलाइन में बार-बार शिकायत करने का आदी है...प्रधान आरक्षक और आरक्षक पर गिरी गाज
x
मचा हड़कंप.
बैतूल: मध्य प्रदेश में एक युवक को CM हेल्पलाइन में शिकायत करना भारी पड़ गया. बैतूल जिले के युवक ने जब अपने चरित्र प्रमाण पत्र के लिए आवेदन दिया, तो पुलिस ने समय पर इसे जारी नहीं किया. देरी से परेशान होकर आवेदक ने इस मामले की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में कर दी, लेकिन पुलिसकर्मियों को यह बात नागवार गुजरी.
जब आखिरकार पुलिस ने चरित्र प्रमाण पत्र जारी किया, तो उसमें लिखा कि रूपेश के खिलाफ थाने में कोई आपराधिक प्रकरण दर्ज नहीं है. लेकिन साथ ही प्रमाण पत्र पर लाल स्याही से यह भी लिख दिया, "आवेदक सीएम हेल्पलाइन में बार-बार शिकायत करने का आदी है." यह टिप्पणी न केवल नियमों का उल्लंघन थी, बल्कि एक आम नागरिक के अधिकारों पर भी सवाल खड़ा करती है. यह चरित्र प्रमाण पत्र सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है.
जब यह मामला सामने आया तो जिले में हड़कंप मच गया. शिकायत मिलने के बाद बैतूल एसपी निश्चल एन झारिया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक बलराम सरेयाम और आरक्षक विप्लव मरासे को निलंबित कर दिया. एसपी ने बताया कि आवेदक ने शिकायत की थी. इसके बाद तत्काल कार्रवाई करके उसके चरित्र प्रमाण पत्र को बदलकर दूसरा चरित्र प्रमाण पत्र दे दिया गया है.
पीड़ित युवक रूपेश देशमुख ने बताया कि वह वोल्वो आइसर कंपनी के भोपाल प्लांट में काम करते हैं और उसके लिए हमें चरित्र प्रमाण पत्र की जरूरत थी. पुलिसकर्मी चरित्र प्रमाण पत्र बनाकर नहीं दे रहे थे. इसे लेकर सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत की थी. इसके बाद पुलिस ने एक नोट लिखकर प्रमाण पत्र थमा दिया. जबकि इसके पहले रूपेश ने कभी सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत नहीं की थी. हालांकि, अब एसपी की फटकार के बाद पुलिस ने दूसरा चरित्र प्रमाण पत्र दे दिया है.
मध्य प्रदेश सरकार ने नागरिकों की समस्याओं को हल करने के लिए सीएम हेल्पलाइन जैसी सेवा शुरू की है, ताकि लोग अपनी शिकायतें सीधे सरकार तक पहुंचा सकें. लेकिन इस मामले में शिकायत करने वाले नागरिक को ही परेशान किया गया, जिससे पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.
रूपेश का चरित्र प्रमाण पत्र सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. हालांकि, रूपेश ने दावा किया है कि उसने यह प्रमाण पत्र वायरल नहीं किया है. चरित्र प्रमाण पत्र वायरल होने के बाद लोगों की तीखी प्रतिक्रिया भी आ रही है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story