भारत

डोभी-शिम सडक़ की बदलेगी सूरत

Shantanu Roy
17 Oct 2026 8:38 PM IST
डोभी-शिम सडक़ की बदलेगी सूरत
x
Patlikuhal. पतलीकूहल। मंडलगढ़ पंचायत के अंतर्गत डोभी-शिम लिंक मार्ग की करीब 17 साल बाद सुध लेने की पहल शुरू हुई है। लंबे समय से बदहाली का दंश झेल रहे इस मार्ग के जीर्णोद्धार का कार्य समाजसेवी संदीप शर्मा के श्रमदान से शुरू करवाया गया है। ग्राम पंचायत मण्डलगढ़ के उपप्रधान प्रताप ठाकुर के नेतृत्व में शिम गांव के युवाओं ने भी इस मुहिम में बढ़-चढक़र भाग लेकर ग्रामीण एकजुटता की मिसाल पेश की है। सडक़ की सफाई और चौड़ाई बढ़ाने के कार्य से अब ग्रामीणों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। उपप्रधान प्रताप ठाकुर ने बताया कि यह लिंक मार्ग पिछले करीब 15 से 17 वर्षों से बदहाली का शिकार था।


सडक़ पर जगह-जगह मलबा, कूड़ा-कचरा और अवरोध होने के कारण आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई थी। कई स्थानों पर सडक़ किनारे कथित अवैध कब्जे कर सामान और मलबा डालने से मार्ग की चौड़ाई भी कम हो गई थी। स्थिति यह थी कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी होती थी, जबकि टैक्सी चालक भी इस मार्ग पर वाहन ले जाने से कतराते थे। वार्ड पंच मेघा ने बताया कि सडक़ तंग होने के कारण कई बार लोग रात के समय अपने वाहन बीच सडक़ में ही खड़े कर देते थे। इससे दूसरे वाहनों की आवाजाही बाधित होती थी और राहगीरों सहित मरीजों को भी परेशानी झेलनी पड़ती थी। अब सडक़ की सफाई और चौड़ाई बढ़ाने का काम शुरू होने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिली है।
Next Story