भारत
पीएम किसान सम्मान निधि की राशि बढ़ी, किसानों को मिला बड़ा तोहफा
jantaserishta.com
19 Feb 2025 1:34 PM IST

x
देखें वीडियो.
जयपुर: राजस्थान सरकार ने बुधवार को वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश किया। इस दौरान वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कई बड़े ऐलान किए। बजट में किसानों के लिए भी कई बड़े ऐलान किए हैं। राजस्थान में पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली राशि में इजाफा कर दिया गया है। राजस्थान में अब इस योजना के तहत किसानों को सालाना 9 हजार रुपए मिलेंगे। केंद्र सरकार सालाना छह हजार रुपए देती है। 3 हजार रुपए राजस्थान सरकार की ओर से दिए जाएंगे।
वित्त मंत्री दिया कुमारी ने पीएम किसान योजना से किसानों को मिले संबल का जिक्र करते हुए इसमें और इजाफे की घोषणा की। उन्होंने कहा, 'इस साल मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा जी ने किसानों के हित में पीएम किसान की राशि में वृद्धि की थी, अगले साल से इसे और बढ़ाकर 9 हजार रुपए प्रतिवर्ष करने की घोषणा करती हूं।' सत्ता पक्ष के विधायकों ने इस योजना का ताली बजाकर स्वागत किया।
राजस्थान सरकार ने पिछले साल पीएम किसान योजना के तहत मिलने वाली राशि में 2 हजार रुपए का इजाफा किया था। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पिछले साल जून में इस योजना के तहत राज्य सरकार की ओर से सालाना 2 हजार रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की थी। अब वित्त मंत्री ने इसमें एक हजार रुपए का और इजाफा कर दिया है।
राजस्थान में 2023 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में किसानों को सालाना 12 हजार रुपए मदद देने की घोषणा की थी। 6 हजार रुपए केंद्र सरकार की ओर से दिए जाते हैं, जबकि राज्य सरकार की ओर से भी 6 हजार रुपए सालाना देने की घोषणा की गई थी। राज्य सरकार अगले वित्त वर्ष से अपनी ओर से 3 हजार रुपए देगी। आने वाले सालों में सरकार इस मदद को कुल 12 हजार रुपए तक बढ़ा सकती है।
बड़े ऐलान
राजस्थान की भजनलाल सरकार ने बुधवार को अपना दूसरा पूर्ण बजट पेश किया। राज्य की उपमुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी ने विधानसभा में बजट पेश करते हुए कई बड़े ऐलान किए। वित्त मंत्री ने 150 यूनिट मुफ्त बिजली, 9 एक्सप्रेस-वे और 1.25 लाख सरकारी नौकरियों समेत कई बड़े ऐलान किए। इसके अलावा बुजुर्ग, विधवा और दिव्यांगजनों को मिलने वाली मासिक पेंशन को भी बढ़ाकर 1250 रुपए कर दिया गया है।
राजस्थान में अभी सरकार 100 यूनिट मुफ्त बिजली दे रही है। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इसे बढ़ाकर 150 यूनिट मासिक किए जाने की घोषणा की। इसके लिए सोलर प्लेट लगाए जाएंगे। जिन लोगों के घरों पर इसके लिए जगह नहीं है, उनके लिए सामुदायिक सोलर सिस्टम लगाने की बात कही गई है।
वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि अगले वित्त वर्ष में प्रदेश में 9 ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण किया जाएगा। इस पर 60 हजार करोड़ रुपए का खर्च आएगा। इसके अलावा उन्होंने प्रदेश के 15 शहरों में रिंग रोड बनाने की घोषणा की। राज्य के हर विधानसभा में नॉन पैचेबल सड़कों की मरम्मत के लिए 10-10 करोड़ रुपए दिए जाएंगे। मरूस्थल में यह राशि 15 करोड़ रुपए होगी।
दिया कुमारी ने आगामी वित्त वर्ष में एक लाख 25 हजार पदों पर भर्तियां करने की भी घोषणा की। अपने बजट भाषण में उन्होंने कहा, 'युवाओं को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने की दृष्टि से सरकारी विभागों व राजकीय उपक्रमों में आगामी वर्ष में एक लाख 25 हजार पदों पर भर्तियां करने की मैं घोषणा करती हूं।' निजी क्षेत्र में 1.50 लाख युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने की घोषणा की गई। उन्होंने साथ ही राजस्थान रोजगार गारंटी 2025 लाने की भी घोषणा की।
वित्त मंत्री दिया कुमारी ने कहा कि बुजुर्गों, दिव्यांग जनों, विधावा और एकल महिलाओं के पेंशन में इजाफा किया जाएगा। अगले वित्त वर्ष से इन लाभार्थियों को 1250 रुपए मासिक पेंशन दी जाएगी।
राजस्थान बजट 2025-26 #RajasthanBudget #Budget2025 #ViksitRajasthan #SamriddhiKaDiya #खुशहाल_राजस्थान_का_बजट https://t.co/3XDDz9312U
— Diya Kumari (@KumariDiya) February 19, 2025
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





