
x
पुलिसकर्मियों को चाकू मारकर भागा आरोपी, मुठभेड़ में पकड़ा गया
दिल्ली। राजधानी दिल्ली के जामा मस्जिद थाने में पुलिसकर्मियों पर चाकू से हमला करने के आरोपी नबील को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को पकड़ने पहुंची टीम पर उसने दोबारा चाकू से हमला करने की कोशिश की। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने गोलीबारी की, जिसमें आरोपी के पैरों में छह गोलियां लगीं। घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
डीसीपी सेंट्रल रोहित राजबीर के अनुसार, 23 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे एक महिला अपनी बेटी के साथ जामा मस्जिद थाने पहुंची थी। महिला ने अपने बेटे नबील के खिलाफ परेशान करने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने पर सब इंस्पेक्टर अजय ने आरोपी को थाने बुलाया। शुरुआत में उसने आने से इनकार किया, लेकिन बाद में थाने पहुंच गया।
पुलिस के अनुसार, थाने में प्रवेश करते ही आरोपी ने पूछा कि उसे किसने बुलाया है। सब इंस्पेक्टर अजय को देखते ही उसने उनके चेहरे और गले पर चाकू से हमला कर दिया। बचाव में आए अन्य पुलिसकर्मियों पर भी आरोपी ने चाकू से वार किए।
डीसीपी के मुताबिक, हमले में दो सब इंस्पेक्टर, एक एएसआई और दो हेड कॉन्स्टेबल सहित पांच पुलिसकर्मी घायल हुए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गंगाराम अस्पताल भेजा गया। वारदात के बाद आरोपी थाने से भाग निकला और रास्ते में एक व्यक्ति से स्कूटी छीनकर फरार हो गया।
पुलिस की कई टीमों ने उसकी तलाश शुरू की। चिल्लीकवर इलाके में आरोपी का पता चलने पर उसे आत्मसमर्पण की चेतावनी दी गई। पुलिस का कहना है कि आरोपी ने फिर चाकू से हमला किया, जिसके बाद मुठभेड़ में उसे घायल कर गिरफ्तार कर लिया गया।
Next Story





