
x
Delhi दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने वर्ष 1994 में दो साध्वियों की हत्या और आश्रम में डकैती के मामले में करीब 32 साल से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान ललित के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर का रहने वाला बताया गया है। पुलिस के मुताबिक वह दिल्ली के मंगोलपुरी फेज-2 स्थित एक फैक्ट्री में पैकेजिंग मजदूर के तौर पर काम कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, वर्ष 1994 में शकरपुर थाना क्षेत्र स्थित एक आध्यात्मिक आश्रम में दो साध्वियों की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद आश्रम से नकदी, गहने और अन्य कीमती सामान लूटे जाने का भी आरोप है। पुलिस का दावा है कि ललित इस मामले के मुख्य आरोपियों में शामिल था और उसने कथित तौर पर दोनों साध्वियों की हत्या में अन्य आरोपियों का साथ दिया था। लूट के बाद उसे नकदी और गहनों का हिस्सा मिलने का भी आरोप है।
इस मामले में पुलिस ने सुनील कुमार, दिलीप राम और सुशील नाम के तीन आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जबकि ललित फरार हो गया था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक 26 अक्टूबर 1995 को उसे भगोड़ा घोषित किया गया था। इसके बाद से उसकी तलाश जारी थी।
जांच में सामने आया कि आरोपी वर्ष 2000 तक बिहार में अलग-अलग स्थानों पर काम करता रहा। इसके बाद वह दिल्ली आ गया और कई फैक्ट्रियों में पैकेजिंग मजदूर के रूप में काम करने लगा। पुलिस के मुताबिक वह लगातार अपना काम और ठिकाना बदलता रहा, जिससे उसे तलाशना मुश्किल हो गया।
क्राइम ब्रांच की सेंट्रल रेंज को हाल ही में सूचना मिली कि ललित मंगोलपुरी फेज-2 इलाके में एक फैक्ट्री में काम कर रहा है। टीम ने सूचना की पुष्टि करने के बाद फैक्ट्री में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दस्तावेजों के जरिए उसकी पहचान सत्यापित करने की बात कही है। क्राइम ब्रांच के मुताबिक आरोपी पहली बार दिल्ली में घरेलू सहायक के तौर पर आया था और इसी दौरान उसकी मुलाकात मामले के अन्य आरोपियों से हुई थी। गिरफ्तारी की जानकारी शकरपुर थाना पुलिस को दे दी गई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।
Next Story





