भारत

ईआरसीपी के पहले नोनेरा एबरा बांध की टेस्टिंग शुरू

Shantanu Roy
8 Sept 2024 7:36 PM IST
ईआरसीपी के पहले नोनेरा एबरा बांध की टेस्टिंग शुरू
x
बड़ी खबर
Jaipur. जयपुर। ईआरसीपी कैनाल परियोजना तहत बने प्रदेश के पहले नोनेरा-ऐबरा बांध की टेस्टिंग रविवार रात 12 बजे से शुरू हो गई। इसके तहत कालीसिंध नदी के पानी को बांध में भरा जा रहा है। यह टेस्टिंग 12 सितंबर तक की जाएगी। टेस्टिंग के दौरान आसपास के क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति का आकलन भी होगा। टेस्टिंग में 217 मिलियन क्यूबिक मीटर पानी बांध में भरा जाएगा। टेस्टिंग के दौरान स्टेट हाईवे-70 (कोटा से श्योपुर) पर आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी गई है। देर रात से ही रास्ते को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है और पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।

जल संसाधन विभाग के अनुसार, देर रात 12 बजे से टेस्टिंग की प्रक्रिया शुरू की गई थी। बांध की भराव क्षमता 226.65 मिलियन क्यूबिक मीटर है। इसे 217 मिलियन क्यूबिक मीटर तक भरा जाएगा। दोपहर तक बांध में 209.15 मिलियन क्यूबिक मीटर जलस्तर था। जल संसाधन विभाग के एईएन दुलीचंद प्रणामी ने बताया- बांध में 39 हजार क्यूसेक पानी की आवक एक से डेढ़ घंटे में हो रही है। इसके चलते बांध भरने में 3 दिन लगेंगे। टेस्टिंग की शुरुआत के 2 दिनों में पानी धीरे-धीरे बढ़ाया जा रहा है। इसके बाद पानी और बढ़ाया जाएगा। जल संसाधन विभाग के अनुसार 10 सितंबर तक पानी की स्थिति स्थिर हो जाएगी। तब इस क्षेत्र में बांध का क्या असर रहेगा, वह पूरी तरह से साफ हो जाएगा।

नोनेरा बांध में जलभराव के कारण ढिपरी-कालीसिंध पुलिया पर 5 फीट पानी बह रहा है। इसके चलते स्टेट हाईवे 70 (कोटा-श्योपुर) पर आवागमन पूरी तरह से बंद है। प्रशासन ने आसपास के गांवों में 5 दिन की चेतावनी जारी की है। इटावा के डीएसपी शिवम जोशी ने बताया कि पुलिया पर आवागमन को पूरी तरह से रोक दिया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए इटावा और बूढ़ादीत पुलिस को दोनों ओर तैनात किया गया है। कोटा-इटावा के बीच आवागमन को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्ग तैयार किए गए हैं। 8 से 12 सितंबर तक कोटा जाने वाले यात्री सीसवाली और अंता होते हुए इटावा पहुंच सकेंगे। ट्रैफिक को गेता, माखीदा और लबान के रास्ते से चलाया जाएगा। साथ ही कालीसिंध नदी के आसपास के गांवों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
Next Story