भारत

मुंबई के डोंगरी में घुसे आतंकवादी, पुलिस कंट्रोल रूम में आया कॉल

Shantanu Roy
16 Feb 2024 5:13 PM GMT
मुंबई के डोंगरी में घुसे आतंकवादी, पुलिस कंट्रोल रूम में आया कॉल
x
पुलिस ने शहर में जारी किया अलर्ट
मुंबई। मुंबई पुलिस को एक बार फिर से धमकी भरा फोन कॉल आया है। फोन करने वाले शख्स ने पुलिस के कंट्रोल रूम को बताया कि मुंबई के डोंगरी इलाके में कुछ आतंकवादी घुस आए हैं। ये आतंकी हथियारों से लैस हैं। यह फोन कॉल आने के बाद हड़कंप मच गया। हालांकि, जब छानबीन की गई तो कॉल पर दी गई जानकारी फर्जी निकली। इस मामले में मुंबई पुलिस ने एक शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।
मुंबई पुलिस के कंट्रोल रूम में पहले भी इस तरह की कई फर्जी फोन कॉल्स आ चुकी हैं। पिछले हफ्ते ही पुलिस कंट्रोल रूम में एक फोन आया था, जिसमें दावा किया गया था कि 10-11 हथियार बंद पाकिस्तानी कोलाबा के ताज महल पैलेस होटल में घुस गए हैं। कॉल की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए, कोलाबा पुलिस के अधिकारियों ने होटल में सुरक्षा कर्मियों के साथ, गहन तलाशी ली थी, लेकिन कोई सबूत नहीं मिला था। इसके बाद फोन कॉल को महज एक अफवाह करार दिया गया।
उस समय एक पुलिस अधिकारी ने कहा था, ''कॉल मिलने के बाद, सूचना कोलाबा पुलिस स्टेशन को दे दी गई, जिसके अधिकार क्षेत्र में होटल आता है। स्थानीय पुलिस ने अपनी पहचान शाखा, आतंकवाद-रोधी सेल (एटीसी) और बीट मार्शलों के साथ होटल के सुरक्षा प्रमुख से संपर्क किया और सुरक्षा कर्मचारियों की मदद से परिसर की जांच की। हमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।'' मुंबई में 26/11 आतंकी हमले के बाद हर पल पुलिस अलर्ट मोड पर रहती है। उस समय भी पाकिस्तान से कई आतंकी समुद्र के रास्ते मुंबई में घुस गए थे और ताज होटल समेत कई जगहों पर जमकर गोलीबारी की थी। आतंकी हमले में तब 170 से ज्यादा की जान चली गई थी और 300 से ज्यादा लोग घायल हुए थे।
Next Story