
यूपी। बब्बर खालसा आतंकी संगठन का सक्रिय सदस्य लजर मसीह से कई घंटे की पूछताछ के बाद डीजीपी ने एक और खुलासा किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में ड्रग्स और वसूली का बड़ा अपराधिक नेटवर्क खड़ा हो गया है। इस नेटवर्क के जरिए ही आतंकवादी घटनाओं को अंजाम देने की कोशिश हो रही है।
लजर ने ऐसे कई बिन्दुओं पर एसटीएफ के अफसरों को कई सनसनीखेज जानकारियां दी हैं। इन जानकारियों के आधार पर ही एसटीएफ आगे की पड़ताल कर रही है।डीजीपी ने दावा किया है कि पंजाब में लजर के गिरोह के कई लोग हैं। यह सभी नशे के धंधे में हैं।
लजर ने भी मादक पदार्थों की तस्करी की है और इस समय उसके नेटवर्क से ही कई साथी यही अवैध काम कर रहे हैं। उसके मोबाइल फोन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली है। एसटीएफ की साइबर लैब में इस मोबाइल का डाटा देखा जा रहा है। इसका विश्लेषण करने पर मिलने वाले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। लजर के खिलाफ कौशाम्बी में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उससे पूछताछ में खालसा इंटरनेशनल के एक बड़े अंतराष्ट्रीय नेटवर्क की जानकारी हुई है। इस बारे में छानबीन की जा रही है।
बब्बर खालसा आतंकी संगठन का सक्रिय सदस्य लजर मसीह पिछले कई सालों से पाकिस्तान की खुफिया एजेन्सी आईएसआई से जुड़ा हुआ है। उसने एसटीएफ अफसरों के सामने कुबूला कि पाकिस्तान में बैठे उसके आका उसे हथियार व बारुद भिजवाते है। पाक से भारत सीमा में आने पर यह हथियार व बारूद उसे ड्रोन के जरिए भिजवाए जाते हैं। इनका इस्तेमाल आतंकी घटना के लिए किया जाता है। पाकिस्तान में आईएसआई के तीन सदस्य उसके लगातार सम्पर्क में थे।एक और खुलासा यह हुआ कि लजर अमृतसर में रहता है। पर, वह सिक्ख नहीं है। उसके माता-पिता कन्वर्टेड ईसाई है। पहले उसे काफी लोग सिक्ख समझते थे। वह काफी समय से आतंकी संगठन से जुड़ा हुआ है। पीलीभीत में एनकाउंटर में मारे गए आतंकी वीरेन्द्र सिंह उर्फ रवि से लजर की कई बार बात हुई थी।





