भारत

आतंकी साजिश का पर्दाफाश: अल-कायदा मॉड्यूल से जुड़े तीन आतंकियों को उम्रकैद

SHIDDHANT
13 April 2026 7:58 PM IST
आतंकी साजिश का पर्दाफाश: अल-कायदा मॉड्यूल से जुड़े तीन आतंकियों को उम्रकैद
x
Lucknow लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में एनआईए-एटीएस की विशेष अदालत ने एक बड़े आतंकी साजिश मामले में कड़ा फैसला सुनाते हुए तीन आतंकियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। सजा पाने वाले आरोपियों की पहचान मिनहाज, मस्रूरुद्दीन और तौहीद के रूप में हुई है, जो अल-कायदा से जुड़े आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद के सक्रिय सदस्य थे।
जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये तीनों आरोपी उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों में सीरियल ब्लास्ट की बड़ी साजिश रच रहे थे। इनके पास से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की गई थी, जिसमें कूकर बम भी शामिल था। यह बरामदगी सुरक्षा एजेंसियों के लिए बेहद अहम सुराग साबित हुई, जिससे पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ।
एनआईए और एटीएस की संयुक्त कार्रवाई में इस आतंकी मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया गया था। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी देश में दहशत फैलाने और बड़े हमलों को अंजाम देने की तैयारी में थे। अदालत ने सभी सबूतों और गवाहों के आधार पर तीनों को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई।
अदालत के इस फैसले को आतंकी गतिविधियों के खिलाफ एक सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि इस कार्रवाई से प्रदेश में एक बड़े हमले को समय रहते टाल दिया गया। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ समय से आतंकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई की जा रही है, ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
Next Story