भारत

उज्जैन में फिर माहौल हुआ तनावपूर्ण, पुलिस ने तोड़े आरोपियों के घर

Rounak Dey
27 Dec 2020 1:47 AM GMT
उज्जैन में फिर माहौल हुआ तनावपूर्ण, पुलिस ने तोड़े आरोपियों के घर
x
रैली निकालने पर दो गुटों में हुई थी पत्थरबाजी

दो समुदायों के बीच पथराव के अगले दिन शनिवार को एमपी के उज्जैन में फिर बवाल हुआ। दोपहर करीब 12 बजे पुलिस पथराव करने वालों के घर तोड़ने पहुंची, तो लोगों ने विरोध किया। महिलाएं और बच्चे भी बीच सड़क पर बैठ गए। उनकी पुलिस के साथ धक्कामुक्की भी हुई। पुलिस ने समाज के लोगों को अपने साथ लिया और हंगामा करने वालों को खदेड़ा। इसके बाद आरोपियों के घर जमींदोज किए गए।




बता दें कि शुक्रवार को राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह कार्यक्रम के तहत हिंदू संगठनों द्वारा उज्जैन में रैली निकाली गई थी। बेगमबाग इलाके में समुदाय विशेष के लोगों ने रैली में शामिल लोगों पर पथराव कर दिया था। पथराव में 10 से अधिक कार्यकर्ता घायल हुए थे, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रण में लिया और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की थी।
शनिवार दोपहर को पुलिस ने बेगमबाग इलाके में आरोपियों के घरों को तोड़ने की कार्रवाई शुरू की तो मुस्लिम समाज के लोग विरोध में बाहर निकल आए। बेगमबाग मुख्य मार्ग पर पुलिस की कार्रवाई के विरोध में महिलाएं सड़क पर बैठ गईं। लोगों का कहना था कि पुलिस ने निर्दोष लोगों को पकड़ा है। वे मकान गिराए जाने की कार्रवाई को रोकने की मांग कर रहे थे।
स्थिति पर नियंत्रण के लिए पुलिस ने दोतरफा रणनीति अपनाई। समाज के जिम्मेदार लोगों को अपने साथ लिया और उनसे आम लोगों को समझाने की अपील की। इसके बाद भी जो लोग नहीं माने, उन्हें खदेड़ दिया। इस दौरान हंगामा करने वालों की पुलिस के साथ झड़प भी हुई। इलाके में माहौल फिर तनावपूर्ण हो गया, लेकिन किसी तरह की कोई अप्रिय घटना नहीं हुई। पुलिस की कार्रवाई के बाद भी तनाव बना हुआ है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है।
Next Story