भारत
युवक की हत्या से तनाव, मुख्य आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
jantaserishta.com
1 Aug 2026 12:55 PM IST

x
संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है.
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के कांट थाना क्षेत्र में उपजे विवाद में 20 वर्षीय युवक गौतम मौर्य की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी समीर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, जबकि चार अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद इलाके में तनाव के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस के अनुसार, कमलनैनपुर गांव निवासी गौतम मौर्य साइकिल मरम्मत का काम करता था। शुक्रवार देर रात वह खेत से आवारा पशुओं को भगाकर लौट रहा था। इसी दौरान समीर और उसके साथियों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमले में गौतम गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोग उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां से डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद ग्रामीणों ने मुख्य आरोपी समीर को मौके पर ही पकड़ लिया और पिटाई के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पूछताछ के आधार पर चार अन्य संदिग्धों को भी हिरासत में लिया है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी एक-दूसरे को जानते थे तथा दोनों के घरों के बीच करीब 400-500 मीटर की दूरी थी। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी ने धारदार हथियार से गौतम के सिर और कंधे पर कई वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई।
मामले की जांच के लिए एसपी सिटी के नेतृत्व में दो टीमों का गठन किया गया है। एसपी ने बताया कि शनिवार सुबह हत्या में प्रयुक्त चाकू की बरामदगी के लिए आरोपी समीर को लेकर पुलिस टीम मौके पर गई थी। इसी दौरान उसने खेत में छिपाया गया चाकू निकालकर एक पुलिसकर्मी पर हमला कर भागने का प्रयास किया। आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 12 जुलाई को मृतक ने उसकी रिश्ते की बहन का फोटो इंस्टाग्राम पर अपने साथ लगाया था। इसी बात को लेकर वह उससे रंजिश रखने लगा था। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है। घटना के बाद आरोपी का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें वह हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो की प्रामाणिकता की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Tagsशाहजहांपुर
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





