मंदिर-मठ के खातों में हुई लेनदेन की जानकारी देने होंगे हर तीन महीने में, बड़ा फैसला

बिहार। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी का मामला सामने आने के बाद अब बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद ने बड़ा कदम उठाया है. परिषद ने अपने अंतर्गत आने वाले साढ़े चार हजार मंदिर और मठ के खातों की जानकारी अब हर तीन महीने में लेने का फैसला किया है, ताकि दान के पैसों का पूरा हिसाब पारदर्शी तरीके से रखा जा सके. यह जानकारी परिषद के अध्यक्ष प्रोफेसर रणवीर नंदन ने दी.
प्रो रणवीर नंदन ने बताया कि बिहार धार्मिक न्यास परिषद के अंतर्गत करीब साढ़े चार हजार मंदिर और मठ आते हैं. इन सभी मंदिरों और मठों का हर साल ऑडिट कराया जाता है. इस ऑडिट में यह देखा जाता है कि मंदिर में कितना पैसा दान के रूप में आया और उसे कहां-कहां खर्च किया गया. पूरा हिसाब लिखित रूप में रखा जाता है, ताकि किसी तरह की गड़बड़ी न हो सके. परिषद यह सुनिश्चित करता है कि दान से मिले पैसों का इस्तेमाल मंदिर और मठ के रखरखाव, विकास और जरूरी कामों में ही सही तरीके से हो.
अब परिषद ने इसे और मजबूत बनाने के लिए एक नई व्यवस्था शुरू की है. पहले जहां साल में एक बार ऑडिट होता था, वहीं अब हर तीन महीने में मंदिर और मठों से उनके खातों की पूरी जानकारी मांगी जाएगी. इससे पहले साल में सिर्फ एक बार ऑडिट होने से बीच के महीनों में हिसाब-किताब की सीधी निगरानी संभव नहीं हो पाती थी. अब हर तीन महीने में जानकारी मिलने से किसी भी गड़बड़ी को समय रहते पकड़ा जा सकेगा. इसका मकसद यह है कि दान में आने वाले पैसों का हिसाब समय-समय पर चेक होता रहे और पारदर्शिता बनी रहे.
प्रो नंदन ने यह भी बताया कि परिषद के अंतर्गत आने वाले हर मंदिर की अपनी अलग न्यास समिति होती है. यही समिति तय करती है कि मंदिर को किस काम की जरूरत है और पैसा कहां खर्च होना चाहिए. परिषद का मुख्य काम इन मंदिरों और मठों से जुड़े निर्माण या दूसरे कामों के लिए एनओसी यानी अनापत्ति प्रमाण पत्र देना है.





