भारत

बंदी संजय की गिरफ्तारी को लेकर विरोध, तेलंगाना के बीजेपी विधायकों को हिरासत में लिया गया

jantaserishta.com
5 April 2023 9:35 AM GMT
बंदी संजय की गिरफ्तारी को लेकर विरोध, तेलंगाना के बीजेपी विधायकों को हिरासत में लिया गया
x
हैदराबाद (आईएएनएस)| तेलंगाना पुलिस ने बुधवार को भाजपा विधायकों रघुनंदन राव और एटाला राजेंद्र और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया। भाजपा ने पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष बंदी संजय कुमार की गिरफ्तारी के खिलाफ राज्यव्यापी विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
रघुनंदन राव को यदाद्री भुवनगिरी जिले के बोम्माला रामाराम पुलिस थाने के पास हिरासत में लिया गया था, जहां उन्हें करीमनगर में आधी रात की गिरफ्तारी के बाद रखा गया था।
संजय की गिरफ्तारी के खिलाफ प्रदर्शन करने के लिए बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता थाने के पास पहुंच गए, जिससे थाने के आसपास तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल को क्षेत्र में भेजा गया। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए थाने से करीब दो किमी दूर पुलिस बेरिकेड्स लगा दिए गए थे।
रघुनंदन राव और उनके समर्थकों को भी पुलिस ने रोक लिया। विधायक, जो पुलिस अधिकारियों से मिलना चाहते थे, को हिरासत में लिया गया और एक वाहन में ले जाया गया। महिलाओं सहित प्रदर्शनकारियों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और वाहन को रोकने का प्रयास किया।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस घेरा तोड़कर थाने की ओर बढ़ने का प्रयास किया तो हंगामा शुरू हो गया। कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया।
रघुनंदन ने आरोप लगाया कि संजय की गिरफ्तारी में पुलिस ने सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया है। उन्होंने कहा कि बीआरएस सरकार तेलंगाना में बिहार जैसी अराजकता पैदा कर रही है।
एक अन्य भाजपा विधायक एटाला राजेंदर को हैदराबाद के बाहरी इलाके शमीरपेट में पुलिस ने हिरासत में लिया। विधायक को एहतियातन हिरासत में लिया गया।
राजेंद्र ने भाजपा कार्यालय जाते समय उन्हें हिरासत में लेने की पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए।
बाद में बंदी संजय को एक वाहन में थाने से ले जाया गया। उन्हें ले जा रहे पुलिस वाहन को भाजपा कार्यकर्ताओं ने रोकने का प्रयास किया, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में लिया।
भाजपा नेता को नलगोंडा जिले की एक अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। माना जा रहा है कि उन्हें मंगलवार को 10वीं की परीक्षा के पेपर लीक मामले में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, वारंगल में परीक्षा शुरू होने के तुरंत बाद हिंदी का प्रश्न पत्र लीक करने वाले एक व्यक्ति ने बंडी संजय को व्हाट्सएप पर भेजा। आरोपी प्रशांत भाजपा का कार्यकर्ता बताया जा रहा है।
इस बीच, संजय की गिरफ्तारी की निंदा करने के लिए भाजपा ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने बीआरएस सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जी. किशन रेड्डी ने संजय की गिरफ्तारी की निंदा की है। जिस मामले में उन्हें गिरफ्तार किया गया था, उसे जानने के लिए उन्होंने पुलिस महानिदेशक अंजनी कुमार को फोन किया। थानाध्यक्ष ने कहा कि जल्द ही मामले की जानकारी सार्वजनिक की जाएगी।
Next Story