भारत

नाव हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले तेजस्वी यादव, बच्चों की मौत पर जताया गहरा दुख

SHIDDHANT
14 Oct 2026 8:03 PM IST
नाव हादसे के पीड़ित परिवारों से मिले तेजस्वी यादव, बच्चों की मौत पर जताया गहरा दुख
x
बिहार। बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र राघोपुर पहुंचे। यहां उन्होंने दर्दनाक नाव हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों के परिजनों से मुलाकात की। तेजस्वी यादव ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहने की बात कही।
बिहार के वैशाली जिले के राघोपुर दियारा क्षेत्र में मंगलवार, 13 अक्टूबर को गंगा नदी में नाव पलटने से बड़ा हादसा हुआ था। इस दुर्घटना में 13 बच्चों की मौत की पुष्टि हुई है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया था।
तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात के दौरान बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने परिजनों की पीड़ा साझा करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से भी इस घटना पर शोक जताया था।
तेजस्वी यादव ने बताया था कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने जिलाधिकारी और आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव से बातचीत की। उन्होंने राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने तथा अधिक से अधिक बचाव दल तैनात करने का अनुरोध किया था।
जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय नाव पर कई लोग सवार थे, जिनमें अधिकांश बच्चे थे। नाव पलटने के बाद कई लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि कुछ घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस दर्दनाक घटना के बाद प्रशासन की ओर से जांच और राहत कार्य जारी हैं। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों के लिए चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
Next Story