भारत

आज तेजस्वी यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे की होगी मुलाकात, बिहार चुनाव पर चर्चा

Nilmani Pal
15 April 2025 7:59 AM IST
आज तेजस्वी यादव और मल्लिकार्जुन खड़गे की होगी मुलाकात, बिहार चुनाव पर चर्चा
x

दिल्ली। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव आज दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करेंगे, जिसमें आगामी बिहार चुनावों के लिए सीट बंटवारे और दोनों दलों के बीच गठबंधन पर चर्चा होगी. राजद सांसद मनोज झा ने सोमवार को इसकी पुष्टि की. तेजस्वी यादव ने सोमवार देर शाम को न्यूज एजेंसी पीटीआई से बातचीत में मल्लिकार्जुन खड़गे के साथ आज होने वाली अपनी मुलाकात की पुष्टि की.

आरजेडी के राज्यसभा सांसद मनोज झा दिल्ली में न्यूज एजेंसी एएनआई से कहा, 'यह एक औपचारिक बैठक है. अगर हम कांग्रेस पार्टी के सहयोगियों को देखें तो आरजेडी अब तक की सबसे पुरानी सहयोगी रही है. यह बैठक बिहार के संपूर्ण परिप्रेक्ष्य को ध्यान में रखते हुए आयोजित की गई है और चूंकि चुनाव में अब लगभग 6-8 महीने का समय रह गया है, इसलिए इस पर चर्चा की जाएगी.'

बिहार विधानसभा चुनाव में अब लगभग छह महीने ही बचे हैं, ऐसे में सभी राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं. बिहार में कांग्रेस की सबसे पुरानी सहयोगी पार्टी आरजेडी भी इंडिया ब्लॉक का हिस्सा है. आरजेडी-कांग्रेस की बैठक खड़गे के आवास पर होने की उम्मीद है. 20 अप्रैल को कांग्रेस अध्यक्ष बिहार के बक्सर जिले में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे. कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि दोनों नेताओं के बीच बिहार की स्थिति, खासकर भाजपा सरकार द्वारा हाल ही में लाए गए वक्फ (संशोधन) अधिनियम के बाद की स्थिति पर चर्चा होने की संभावना है.

Next Story