तहसीलदार के ड्राइवर का अपहरण! IAS से विवाद मामले में नया मोड़

तहसीलदार राखी शर्मा ने सोमवार को आरोप लगाया कि आईएएस पर लगाए आरोपों के बाद उसका राजस्व परिषद मुख्यालय लखनऊ में संबद्धता कराने के बाद भी उत्पीड़न कम होने का नाम नहीं ले रहा है। आरोप है कि अधिकारियों के इशारे पर टूंडला तहसील के कर्मचारी उत्पीड़न करने का काम कर रहे हैं। उसके आरोपों के खिलाफ सबूत जुटाने का प्रयास करते हुए उसकी छवि को धूमिल करने की कोशिश हो रही है। उसके वाहन पर रहने वाले टूंडला के भूत नगरिया थाना पचोखरा निवासी लक्ष्मण शर्मा पर दवाब बनाने के लिए उसका उत्पीड़न शुरू कर दिया है। तहसीलदार का आरोप है कि रविवार को उसके चालक लक्ष्मण के आवास पर टूंडला तहसील के बाबू और तीन कर्मचारी पहुंचे और उसको साथ ले जाने की बात परिवार से कही। आने वाले लोग चालक के यहां लगे सीसीटीवी कैमरा में कैद हो चुके हैं। चालक के भाई ने मना कर दिया कि वह घर पर नहीं है। कुछ घंटे बाद चालक जब घर से निकला तो आरोपियों ने उसको पकड़ा और गाड़ी में डालकर ले गए। इसमें टूंडला तहसील में पूर्व में तैनात रहा एक कर्मचारी भी शामिल था जिसका जमीन के गोलमाल में नाम है।
तहसीलदार ने कहा कि कई घंटे तक जब चालक वापस नहीं आया तो उसके भाई ने राखी को फोन किया। इसके बाद राखी ने डायल 112 पर फोन किया और टूंडला पुलिस को बताया कि चालक गायब है अगर वह नहीं आया तो मामले को वह पूरी तरह से फिर उछाल देंगीं। बताया कि कुछ घंटे बाद चालक को उसके गांव लेकर तहसील के कर्मचारी और एक अधिकारी पहुंचे। चालक ने बताया कि उससे कुछ एफीडेविट वाले कागजों पर हस्ताक्षर कराने का दवाब बनाया। ऐसा नहीं करने पर उसके गांव के घर को तुड़वाने की धमकी दी। मोबाइल के बारे में कहा कि जो रुपये उन्होंने मोबाइल के लिए दिए थे उसके बारे में लिखवाना चाहते थे कि ये रुपये आईएएस ने दिए थे। चालक काफी डरा हुआ है। मामले की थाना पचोखरा में तहरीर दी है।





