भारत
नाबालिग की आत्महत्या से हड़कंप, आरोपी की गिरफ्तारी के बाद चौकी इंचार्ज पर गिरी गाज
jantaserishta.com
3 Nov 2026 9:47 AM IST

x
विभागीय जांच भी शुरू.
लखनऊ: लखनऊ में मलिहाबाद थाना क्षेत्र के रमगढ़ा गांव में नाबालिग किशोरी की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, किशोरी के पिता के साथ पांच महीने पहले हुई मारपीट की शिकायत पर कार्रवाई न करने के आरोप में कसमंडी कला चौकी इंचार्ज को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले में उनके खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
पुलिस के मुताबिक, दो नवंबर 2026 को थाना मलिहाबाद के रमगढ़ा गांव में एक नाबालिग किशोरी के फांसी लगाकर आत्महत्या करने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला उपनिरीक्षक आशी गुप्ता ने शव का पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
इस मामले में परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना मलिहाबाद में हंस कुमार, पुत्र श्याम सुंदर, उसके भाई विनय कुमार, पिता श्याम सुंदर और मां राम लल्ली के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि हंस कुमार किशोरी को डराता-धमकाता था और उस पर अपने साथ चलने का दबाव बनाता था। इसके अलावा आरोप है कि करीब पांच महीने पहले हंस कुमार और उसके परिवार के लोगों ने किशोरी के पिता राम लखन के साथ मारपीट की थी। दोनों परिवार पड़ोसी होने के साथ रिश्तेदार भी हैं। श्याम सुंदर और राम लखन के दादा आपस में सगे भाई थे।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पांच महीने पहले हुई मारपीट की शिकायत कसमंडी कला चौकी पर दी गई थी, लेकिन तत्कालीन चौकी इंचार्ज ने उस पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।
इस शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसीपी मलिहाबाद ने मामले की जांच की। जांच में प्रथम दृष्टया चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक विवेक कुमार की लापरवाही सामने आई। जन शिकायत के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर पुलिस उपायुक्त उत्तरी ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी संस्थित की गई है।
पुलिस के अनुसार, किशोरी की आत्महत्या से जुड़े मामले में मुख्य आरोपी हंस कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपों की जांच और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





