
घटना करीब दो महीने पुरानी बताई जा रही है। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी पड़ोस के ही गांव का रहने वाला युवक है। वह किशोरी को अक्सर डरा-धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। गुरुवार को किशोरी को पेट में दर्द उठा। परिजन पहले तो घर पर ही इलाज करते रहे, लेकिन दर्द बढ़ने पर उसे डॉक्टर के पास ले गए। डॉक्टर ने जांच कराने की सलाह दी। जांच हुई तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। रिपोर्ट में किशोरी दो माह की गर्भवती पाई गई।
परिजनों ने पूछताछ की तो किशोरी फूट-फूटकर रोने लगी। उसने बताया कि आरोपी उसे डरा धमका कर ईंट भट्ठे के पास ले गया था और वहां दुष्कर्म किया। घटना का खुलासा होने के बाद पीड़िता के पिता देर शाम नरसेना थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी रामकिशोर गौतम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।





