भारत

सूटकेस अंदर किशोरी की लाश मिली, हवाईअड्डे से कातिल गिरफ्तार

Nilmani Pal
29 Jun 2026 7:23 AM IST
सूटकेस अंदर किशोरी की लाश मिली, हवाईअड्डे से कातिल गिरफ्तार
x
पढ़े पूरी खबर

थाईलैंड। थाईलैंड के एक रिसॉर्ट शहर पट्टाया में एक 17 वर्षीय थाई लड़की की सूटकेस के अंदर लाश मिलने के बाद थाई पुलिस ने 46 वर्षीय ऑस्ट्रेलियाई व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संदिग्ध को उस वक्त पकड़ा गया जब वह थाईलैंड से भागने की फिराक में था। यह गिरफ्तारी शुक्रवार को बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाईअड्डे से हुई। 46 वर्षीय संदिग्ध साइमन कारमेन ऑस्ट्रेलिया के पर्थ शहर जाने के लिए फ्लाइट पकड़ने की कोशिश कर रहा था। इमिग्रेशन अधिकारियों और पट्टाया पुलिस के संयुक्त अभियान में हिरासत में लिया गया। पट्टाया पुलिस के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि संदिग्ध ने लड़की के अपहरण और हत्या में किसी भी तरह की संलिप्तता से इनकार किया है। उससे कड़ी पूछताछ की जा रही है। पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक सबूतों का इंतजार है, जिसके बाद ही औपचारिक तौर पर आरोप तय किए जाएंगे।

पुलिस की जांच में सीसीटीवी फुटेज सबसे अहम सुराग बनकर उभरा है। रिपोर्ट्स के अनुसार, गुरुवार की अल सुबह (करीब 3:30 बजे) संदिग्ध व्यक्ति और 17 वर्षीय पीड़िता पट्टाया के अपार्टमेंट बिल्डिंग में एक साथ दाखिल होते हुए कैमरे में कैद हुए थे। इसके कई घंटों बाद, एक अन्य सीसीटीवी कैमरे में संदिग्ध को अकेले इमारत से बाहर निकलते हुए देखा गया। उसके हाथ में एक बड़ा काले रंग का सूटकेस था। बताया जा रहा है कि उसने उस सूटकेस को एक मोटरसाइकिल के पीछे बांधा और वहां से निकल गया। करीब 9 मिनट तक वह सीसीटीवी की जद से बाहर रहा और जब वह वापस होटल लौटा, तो सूटकेस उसके पास नहीं था।

लड़की के दोस्तों ने शुक्रवार को उसके लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। शुक्रवार रात पुलिस को रेलवे ट्रैक के पास से वही काले रंग का सूटकेस लावारिस हालत में मिला। सूटकेस खोलने पर उसके अंदर से किशोरी का नग्न शव बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे और मुंह व नाक से खून बह रहा था, जो कि हिंसा और संघर्ष की ओर इशारा करते हैं। वहीं, पुलिस अधीक्षक कर्नल एनेक सारथोंग्यू ने बताया कि संदिग्ध ऑस्ट्रेलियाई नागरिक के शरीर पर भी खरोंच के निशान मिले हैं, जो संघर्ष के दौरान आ सकते हैं।

अगर संदिग्ध के खिलाफ सबूत पुख्ता होते हैं, तो उस पर कई गंभीर आरोप लग सकते हैं। पुलिस के मुताबिक, इनमें अपहरण, हत्या, शव को छिपाना और यौन उद्देश्यों के लिए नाबालिग का अपहरण शामिल हो सकते हैं। ऑस्ट्रेलिया के विदेश मामलों और व्यापार विभाग के एक प्रवक्ता ने पुष्टि की है कि वे थाईलैंड में हिरासत में लिए गए ऑस्ट्रेलियाई नागरिक को कांसुलर सहायता प्रदान कर रहे हैं, लेकिन निजता के नियमों के कारण उन्होंने विस्तृत जानकारी देने से इनकार कर दिया। गौरतलब है कि हाल ही में थाईलैंड सरकार ने पर्यटकों के लिए वीज़ा-मुक्त प्रवास की अवधि में भारी कटौती की है। यह कदम विदेशी नागरिकों द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी, सेक्स ट्रैफिकिंग और बिना लाइसेंस के व्यापार चलाने जैसे मामलों में की गई कई हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारियों के बाद उठाया गया था।

Next Story