
x
मौत पर भड़के लोग
भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा में मेडिकल स्टोर पर कथित तौर पर इंजेक्शन लगाए जाने के बाद 17 वर्षीय प्राची की तबीयत बिगड़ने और उपचार के दौरान मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने स्टोर संचालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना से नाराज लोगों ने दुकान के बाहर आगजनी और शटर तोड़ने की कोशिश की। पुलिस ने मेडिकल स्टोर सील कर संचालक की तलाश शुरू कर दी है। मामला सुभाष नगर थाना क्षेत्र का है। परिजनों के मुताबिक, प्राची कुछ दिनों से बुखार से पीड़ित थी। उसे स्थानीय लवकुश मेडिकल स्टोर पर दवा लेने के लिए ले जाया गया था। आरोप है कि संचालक रामप्रसाद ने 11 नवंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे उसे इंजेक्शन लगा दिया।
परिवार का कहना है कि इसके बाद प्राची के पैर में तेज दर्द होने लगा। इंजेक्शन वाली जगह पर खून जमने और गांठ बनने की शिकायत हुई। अगले दिन दर्द बढ़ने पर वह दोबारा दुकान पहुंची, जहां उसे अस्पताल जाने के लिए कहा गया। हालत बिगड़ने पर प्राची को पहले स्थानीय निजी अस्पताल और बाद में उदयपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत की वजह और इंजेक्शन से उसके संबंध की पुष्टि जांच के बाद होगी।
किशोरी की मौत की खबर मिलने पर परिजनों और स्थानीय लोगों ने मेडिकल स्टोर के बाहर प्रदर्शन किया। हंगामे की सूचना पर पहुंची पु लिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया। थाना प्रभारी कैलाश चंद्र बिश्नोई ने बताया कि उदयपुर में पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की गई है। संबंधित दुकान सील कर दी गई है और संचालक को तलाशा जा रहा है। परिजनों ने गिरफ्तारी और लाइसेंस निरस्त करने की मांग की है। क्षेत्रवासियों ने पास की डिस्पेंसरी में स्थायी चिकित्सक नियुक्त करने की मांग भी उठाई है।
Next Story





