भारत
शिक्षक की पिटाई के विरोध में सड़क पर उतरे शिक्षक-छात्र, पांच दिन में कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े आंदोलन की चेतावनी
jantaserishta.com
23 Sept 2026 5:30 PM IST

x
बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र प्रदर्शन में शामिल.
मुजफ्फरपुर: मुजफ्फरपुर के मीनापुर थाना क्षेत्र के डेजावू स्कूल ऑफ इनोवेशन में शिक्षक प्रिंस कुमार के साथ हुई मारपीट के विरोध में बुधवार को निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े शिक्षक और छात्र सड़कों पर उतरे। प्रदर्शनकारियों ने मार्च निकालकर घटना में शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि पांच दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को बड़ा किया जाएगा।
बड़ी संख्या में शिक्षक और छात्र प्रदर्शन में शामिल
मीनापुर इलाके में स्थित निजी स्कूल में शिक्षक के साथ मारपीट की घटना के विरोध में बुधवार को निजी शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोगों ने प्रदर्शन किया। कई स्कूलों और कोचिंग संस्थानों के शिक्षक और छात्र मार्च में शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई। निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े कई संगठनों ने भी इस विरोध प्रदर्शन को समर्थन दिया।
23 सितंबर को स्कूल और कोचिंग बंद रखने का आह्वान
इंडियन एसोसिएशन ऑफ स्कूल्स और एसोसिएशन ऑफ बिहार एकेडमिक इंस्टीट्यूशन ने 23 सितंबर को निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों को बंद रखने का आह्वान किया था।
इसी के बाद बुधवार को विरोध मार्च निकाला गया। प्रदर्शन कर रहे संगठनों ने कहा कि अगर पांच दिनों के अंदर शिक्षक के साथ मारपीट करने वालों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो आगे बड़े आंदोलन का फैसला लिया जाएगा।
छात्रा की पिटाई के आरोप से शुरू हुआ विवाद
बताया गया कि पूरा विवाद स्कूल के शिक्षक प्रिंस कुमार पर एक छात्रा की पिटाई करने के आरोप के बाद शुरू हुआ था।
आरोप लगने के बाद छात्रा के परिजन और स्थानीय लोग स्कूल पहुंचे और घटना का विरोध किया। इसी दौरान स्कूल में घुसकर शिक्षक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप है। इस घटना में शिक्षक प्रिंस कुमार घायल हो गए। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। स्कूल में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी घटना रिकॉर्ड होने की बात कही गई है।
दोनों पक्षों की ओर से दर्ज हुई FIR
घटना के बाद स्कूल प्रबंधन की ओर से शिक्षक के साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ मीनापुर थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
दूसरी तरफ, छात्रा के परिजनों ने भी शिक्षक प्रिंस कुमार के खिलाफ बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों की ओर से दिए गए आवेदनों के आधार पर अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
शिक्षकों की सुरक्षा की मांग
निजी स्कूलों और कोचिंग संस्थानों से जुड़े संगठनों का कहना है कि शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि शिक्षक के साथ मारपीट करने में शामिल लोगों की पहचान की जाए और उनके खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने यह भी कहा कि अगर तय समय में कार्रवाई नहीं हुई, तो इस मामले को लेकर आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





