
x
शव खून से लथपथ अवस्था में मिला.
पलामू: झारखंड के पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र में एक सहायक शिक्षक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान चिल्हो खुर्द निवासी 45 वर्षीय उदय सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम उदय सिंह को किसी परिचित व्यक्ति का फोन आया था, जिसके बाद वह घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नगदारा गांव के पास पाटन जाने वाले मार्ग पर उनकी मोटरसाइकिल सड़क किनारे खड़ी मिली। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आसपास खोजबीन की, जहां कुछ दूरी पर झाड़ियों में उनका शव बरामद हुआ। शव खून से लथपथ अवस्था में मिला।
उदय सिंह गांव के एक स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। इसके अलावा आसपास के इलाके में लोगों का इलाज करते थे। घटना की सूचना मिलने के बाद छतरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से शराब और बीयर की कई बोतलें बरामद की गई हैं।
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि उदय सिंह को शराब पार्टी के बहाने बुलाया गया था। इसके बाद धारदार हथियार से गला रेतकर उनकी हत्या कर दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में किसी परिचित व्यक्ति की संलिप्तता की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। जिस व्यक्ति ने उन्हें फोन कर बुलाया था, उसकी पहचान और गतिविधियों की जांच की जा रही है।
पुलिस मृतक के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल खंगाल रही है तथा अंतिम बार संपर्क में आए लोगों से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। फॉरेंसिक टीम की सहायता से जांच आगे बढ़ाई जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
घटना के बाद इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





