
यूपी। लखनऊ विश्वविद्यालय के भाषा विज्ञान विभाग की सहायक आचार्य डॉ. माद्री काकोटी के बाद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट साइंस (आईएमएस) संस्थान के संविदा शिक्षक डॉ. सौरव बनर्जी की विवादित टिप्पणी पर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। छात्रों ने शिक्षक पर विधिक कार्रवाई के साथ बर्खास्तगी की मांग पर प्रदर्शन किया। वहीं, कुलसचिव विद्यानंद त्रिपाठी ने शिक्षक को नोटिस जारी कर पांच दिन में जवाब मांगा है।
शिक्षक ने सोशल मीडिया पर कई आपत्तिजनक पोस्ट की है। इसके विरोध में एलयू के द्वितीय परिसर में एबीवीपी कार्यकर्ताओं समेत आम छात्रों ने बवाल काटा। विद्यार्थियों ने कई घंटे शिक्षक के खिलाफ नारेबाजी की। आरोप लगाया कि विवि में देश विरोधी भावना रखने वाले लोगों को विकसित नहीं होने देंगे। ऐसी ताकतें विदेश में भारत को नीचा दिखाने का काम करती हैं। प्रदर्शन की सूचना पर कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी की अगुवाई में प्रॉक्टोरियल बोर्ड द्वितीय परिसर पहुंचा। यहां उन्होंने छात्रों को शांत कराने की कोशिश की लेकिन छात्र सुनने को तैयार नहीं थे।
वह शिक्षक से माफी मांगने और कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। मानमनौवल के बाद छात्रों ने जानकीपुरम पुलिस, कुलपति के नाम कार्रवाई के लिए प्रत्यावेदन दिया। जिस पर मुख्य कुलानुशासक ने नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया। प्रदर्शन करने वाले छात्रों में रुद्र प्रताप सिंह, आशीष कुमार, अंकित, अभिनाथ सिंह, अरुनेश आदि शामिल रहे।





