शिक्षक फरार, चौराहे और क्लासरूम में लड़कियों को करता था अश्लील ईशारे

बुधवार को हाइवे थाने में तैनात उप निरीक्षक कुशल पाल सिंह ने थाने में तहरीर दी। इसमें अवगत कराया कि वह क्षेत्र में शांति व्यवस्था, जांच, विवेचना को लेकर भ्रमण पर थे। तभी गोवर्धन रोड चौराहे पर गये तो देखा कि राहुल निवासी कृष्णा बिहार कॉलोनी, कोतवाली स्कूल आने-जाने वाली लड़कियों को अश्लील हरकतें व इशारे कर रहा था। जब उसे टोका तो वह भाग गया। इसके बारे में स्कूल आने जाने वाली लड़कियों से जानकारी की गयी तो उन्होंने बताया कि वह अक्सर स्कूल आते-जाते समय गन्दे-गन्दे इशारे करता है।
समाज में अपनी छवि धूमिल होने के डर से नाम-पता बिना बताये लड़कियों ने उप निरीक्षक को बताया कि आरोपी अध्यापक है। वह क्लास में भी लड़कियों से अश्लील हरकतें करता रहता है। है। इस मामले में हाईवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं बताते हैं कि मामले की जानकारी होने पर स्कूल प्रशासन ने शिक्षक को निकाल दिया है। हाईवे थाना प्रभारी आनंद कुमार शाही ने बताया कि जल्द ही आरोपी गिरफ्तार किया जाएगा।





