
x
आग दुर्घटना
Kolkata कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के प्रसिद्ध तीर्थस्थल तारापीठ में हुए भीषण अग्निकांड के बाद जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। बिदेशिनी होटल में आग लगने से नौ लोगों की मौत के बाद मंदिर के आसपास स्थित 15 होटलों को अनिश्चितकाल के लिए बंद करने का आदेश जारी किया गया है। प्रशासन की जांच में इन होटलों में पर्याप्त अग्नि सुरक्षा व्यवस्था और आपात स्थिति से निपटने के इंतजामों की कमी पाई गई है। हादसे के बाद पुलिस ने होटल के मुख्य मालिक प्रोबिट पॉल को गिरफ्तार किया था। इसके बाद सोमवार को होटल के बेटे और सह-मालिक कल्याण पॉल को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया। प्रशासन की कार्रवाई होटल में आग लगने की घटना के बाद शुरू हुई जांच के आधार पर की गई है।
बिदेशिनी होटल में लगी आग ने तारापीठ में तेजी से बढ़ रहे होटल और लॉजों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मंदिर के आसपास संचालित कई होटलों में आग से बचाव के लिए जरूरी मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। घटना के बाद जिला प्रशासन ने तारापीठ मंदिर क्षेत्र में स्थित होटलों और लॉजों की व्यापक जांच शुरू की। अधिकारियों ने कई स्थानों पर अचानक निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की समीक्षा की। जांच में पाया गया कि 15 होटलों में अग्निशमन व्यवस्था कमजोर थी और आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए वैकल्पिक निकास मार्ग भी उपलब्ध नहीं थे।
जिला प्रशासन के अधिकारियों ने कहा कि जिन होटल संचालकों ने सुरक्षा नियमों की अनदेखी की है, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तीर्थनगरी में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। रामपुरहाट के सब-डिविजनल ऑफिसर राठौड़ अश्विन बाबू सिंह ने बताया कि प्रशासन ने इससे पहले आठ अन्य होटलों को भी बंद करने के नोटिस जारी किए थे। अब 15 और होटल संचालकों को नोटिस देकर कार्रवाई की गई है।
उन्होंने कहा कि आगामी त्योहारों को देखते हुए तारापीठ के सभी होटल प्रबंधन और कर्मचारियों के लिए अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद तारापीठ के होटल कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अन्य होटलों की भी जांच की जाएगी और सुरक्षा मानकों में लापरवाही पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Next Story





