भारत

कोयले और लकड़ी से नहीं जलेंगे तंदूर, होटल-रेस्तरां के लिए आदेश जारी

SHIDDHANT
11 Nov 2026 9:41 PM IST
कोयले और लकड़ी से नहीं जलेंगे तंदूर, होटल-रेस्तरां के लिए आदेश जारी
x
लकड़ी के इस्तेमाल पर रोक
गुरुग्राम। वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए गुरुग्राम जिला प्रशासन ने होटल, रेस्तरां और खुले भोजनालयों के तंदूरों में कोयले तथा जलाऊ लकड़ी के इस्तेमाल पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिला मजिस्ट्रेट उत्तम सिंह की ओर से जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से पूरे जिले में लागू हो गया है। उपायुक्त गुरुग्राम ने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग यानी सीएक्यूएम के संशोधित ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान के तहत जारी निर्देशों के अनुपालन में यह फैसला लिया गया है। आदेश के अनुसार, जिले के सभी होटल, रेस्तरां और खुले भोजनालयों को तंदूर में ईंधन के तौर पर कोयला और लकड़ी का उपयोग बंद करना होगा। इन प्रतिष्ठानों को बिजली, गैस अथवा अन्य अनुमत स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने संचालकों से आदेश का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।
प्रतिबंध को सख्ती से लागू कराने की जिम्मेदारी नगर निगम गुरुग्राम, अन्य नगर निकायों और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड को सौंपी गई है। संबंधित विभाग नियमित निरीक्षण करके प्रतिष्ठानों में इस्तेमाल किए जा रहे ईंधन की जांच करेंगे। अधिकारियों को प्रतिदिन कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करनी होगी। इसमें किए गए निरीक्षणों, सामने आए उल्लंघनों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण शामिल रहेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पूरे जिले में सख्ती से पालन कराया जाएगा। जिला प्रशासन ने होटल, रेस्तरां और भोजनालय संचालकों से वायु गुणवत्ता सुधारने तथा सार्वजनिक स्वास्थ्य की रक्षा में सहयोग मांगा है। संचालकों से कहा गया है कि वे निर्धारित स्वच्छ ईंधन वाले उपकरण अपनाएं और जारी निर्देशों के अनुरूप प्रतिष्ठानों का संचालन करें।
Next Story