भारत
तमिलनाडु चुनाव: टीवीके प्रमुख विजय की कन्याकुमारी में रैली, छह उम्मीदवारों के लिए मांगेगे वोट
jantaserishta.com
12 April 2026 8:44 AM IST

x
चेन्नई: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार की राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच टीवीके प्रमुख विजय रविवार को कन्याकुमारी जिले में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगे। यह रैली उनके पूरे राज्य में चल रहे चुनाव प्रचार अभियान का अहम हिस्सा मानी जा रही है। इस दौरान टीवीके प्रमुख विजय छह विधानसभा सीटों (कन्याकुमारी, नागरकोइल, कोलाचेल, विलावनकोडे, किलियूर और पद्मनाभपुरम) के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार करेंगे।
इस दौरे का मुख्य आकर्षण कन्याकुमारी के पास स्थित विवेकानंद कॉलेज मैदान में होने वाली विशाल जनसभा होगी, जहां बड़ी संख्या में समर्थकों के पहुंचने की उम्मीद है। पार्टी की ओर से पहले इस रैली के लिए दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक की अनुमति मांगी गई थी, लेकिन प्रशासन ने कुछ शर्तों के साथ केवल दोपहर 2 बजे से शाम 8 बजे तक यानी 6 घंटे के लिए ही अनुमति दी है।
गौरतलब है कि चुनाव आयोग ने 23 अप्रैल को होने वाले चुनाव से पहले प्रचार की समय सीमा 21 अप्रैल की शाम तक तय की है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अंतिम चरण में पूरी ताकत झोंक रहे हैं। डीएमके नेता मुख्यमंत्री एमके स्टालिन लगातार दो शहरों में रोज जनसभाएं कर रहे हैं, जबकि तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी भी रोड शो के जरिए मतदाताओं तक पहुंच रहे हैं। वहीं, एनटीके के संस्थापक सेंथामिझन सीमन भी अलग-अलग इलाकों में प्रचार कर रहे हैं।
234 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान 23 अप्रैल को होना है और मतगणना 4 मई को होगी। स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनावी प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए, भारत निर्वाचन आयोग ने 176 सामान्य और पुलिस पर्यवेक्षकों के साथ-साथ 150 व्यय पर्यवेक्षकों को तैनात किया है। ये अधिकारी चुनाव प्रचार गतिविधियों और खर्च के तरीकों पर कड़ी निगरानी रखेंगे ताकि किसी भी प्रकार के उल्लंघन को रोका जा सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया की अखंडता को बनाए रखा जा सके।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





