भारत

तमिलनाडु चुनाव : प्रचार के दौरान हीटवेव और गर्मी बढ़ने की संभावना

jantaserishta.com
1 April 2026 11:14 AM IST
तमिलनाडु चुनाव : प्रचार के दौरान हीटवेव और गर्मी बढ़ने की संभावना
x
चेन्नई: तमिलनाडु में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि राज्य के कई हिस्सों में जल्द ही भीषण गर्मी यानी हीटवेव का असर तेज हो सकता है। चुनाव की तारीख 23 अप्रैल के करीब आते ही प्रचार अपने चरम पर है और इसी दौरान तापमान में तेज बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक, इस बार अप्रैल में तमिलनाडु में सामान्य से ज्यादा हीटवेव वाले दिन दर्ज हो सकते हैं। खासकर उत्तरी तटीय जिलों जैसे चेन्नई और आसपास के इलाकों में इसका ज्यादा असर देखने को मिल सकता है।
हालांकि अप्रैल की शुरुआत में बीच-बीच में बारिश होने से थोड़ी राहत मिल सकती है लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है। आईएमडी के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र चेन्नई ने चेतावनी दी है कि इस पूरे महीने अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रह सकते हैं।
मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार इस बार अप्रैल में हीटवेव के दिन 4 से 5 तक हो सकते हैं, जबकि आमतौर पर यह संख्या 2 से 3 दिन होती है। विशेषज्ञों का मानना है कि इस बढ़ती गर्मी की वजह आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र से आने वाली शुष्क और गर्म हवाएं हैं। ये हवाएं तमिलनाडु के उत्तरी तटीय और कुछ अंदरूनी जिलों में तापमान को और बढ़ा सकती हैं। इसका सीधा असर उन लोगों पर पड़ेगा जो चुनावी रैलियों, रोड शो और घर-घर जाकर प्रचार में हिस्सा ले रहे हैं।
एरिया साइक्लोन वार्निंग सेंटर के निदेशक वीआर दुरई ने कहा, "अप्रैल में आमतौर पर 2 से 3 दिन हीटवेव रहती है लेकिन इस बार यह बढ़कर 4 से 5 दिन हो सकती है। खासकर उत्तरी तटीय तमिलनाडु जिसमें चेन्नई भी शामिल है, वहां गर्मी ज्यादा तेज होगी।"
उन्होंने बताया कि 10 अप्रैल तक बारिश के कारण मौसम थोड़ा नरम रह सकता है लेकिन इसके बाद हीटवेव की स्थिति बननी शुरू हो जाएगी। दोपहर 12 बजे से 2 बजे के बीच सबसे ज्यादा गर्मी और हीट स्ट्रेस महसूस होगा।
हीटवेव का यह समय चुनाव प्रचार के सबसे महत्वपूर्ण चरण से मेल खा रहा है, जिससे मतदाताओं की भागीदारी और कार्यकर्ताओं की सेहत को लेकर चिंता बढ़ गई है। तेज धूप और तटीय इलाकों में ज्यादा नमी के कारण थकान और डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ सकता है।
स्थिति को देखते हुए आईएमडी ने अपने सभी क्षेत्रीय केंद्रों को चुनाव वाले राज्यों के लिए विशेष एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए हैं। चेन्नई स्थित क्षेत्रीय केंद्र के अधिकारियों ने बताया कि तमिलनाडु और पड़ोसी राज्य केरल के चुनाव अधिकारियों को रोजाना हीट एडवाइजरी भेजी जा रही है।
प्रशासन ने राजनीतिक दलों और आम जनता दोनों से सावधानी बरतने की अपील की है। रैलियों और कार्यक्रमों के समय में बदलाव किया जा सकता है ताकि दोपहर की तेज गर्मी से बचा जा सके। वहीं, मतदाताओं को भी सलाह दी गई है कि वे ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं, धूप में कम निकलें और अपनी सेहत का खास ध्यान रखें।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story