
औरैया: उत्तर प्रदेश के औरैया जिले का एक वीडियो सामने आया है. इस वीडियो में कुछ लोग एक बच्चे को रस्सी से बांधकर बेरहमी से घसीटते और पिटाई करते नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि बच्चे को चोरी के आरोप में पीटा गया. इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ लगी रही, लेकिन कोई भी बच्चे को बचाने आगे नहीं आया. बच्चा बिलखते हुए आरोपियों से छोड़ देने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पीटने वालों का दिल नहीं पसीजा. इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है.
जानकारी के अनुसार, यह मामला औरैया जिले के फफूंद का है. यहां एक नाबालिग दलित बच्चे को चोरी के आरोप में कुछ लोगों ने रस्सी से बांधा और बेरहमी से पीटा. इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो हड़कंप मच गया. वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चा छोड़ देने के लिए गुहार लगा रहा है, लेकिन उसके आसपास घेरा बनाकर खड़े लोगों का दिल नहीं पसीजा. वे बच्चे को रस्सी से बांधे हुए घसीटते और बेरहमी से मारते रहे.
घटना के समय मौके पर काफी लोगों की भीड़ नजर आ रही है, महिलाएं भी खड़ी ये सब देखती रहीं, लेकिन किसी ने भी बच्चे को बचाने की कोशिश नहीं की. मौके पर मौजूद लोग मोबाइल से वीडियो बनाते रहे. घटना का वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने तत्काल मामले को संज्ञान में लिया. पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर कारवाई शुरू की. इसके बाद पुलिस ने बच्चे के साथ पिटाई करने वाले चार लोगों को हिरासत में लिया है.
इस मामले को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने बताया कि सोशल मीडिया में मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसकी जांच की गई तो पाया गया कि यह वीडियो थाना फफूंद के मोहल्ला जोगियान के पास गुड्डू मेडिकल स्टोर के पास का है. इसमें कुछ युवकों ने एक बच्चे के साथ मारपीट की. बच्चे के पिता की तहरीर पर थाना फफूंद में केस दर्ज कर लिया गया है. चार लोगों को हिरासत में लिया जा चुका है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।






