भारत

तब्लीगी जमात का जलसा आज से नूंह में, शामिल होंगे 15 लाख लोग

Nil dhankar
19 April 2025 7:10 AM IST
तब्लीगी जमात का जलसा आज से नूंह में, शामिल होंगे 15 लाख लोग
x

हरियाणा। नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका में 19 से 21 अप्रैल तक आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय तब्लीगी जमात जलसे को लेकर तैयारियां जोरों पर चल रही हैं. जलसे में तब्लीगी जमात के अमीर मौलाना साद शिरकत करेंगे. इस जलसे में विभिन्न राज्यों के करीब 15 लाख जमाती शिरकत करेंगे, जिसे लेकर प्रशासन के साथ बैठकें चल रही हैं. वहीं स्थानीय लोगों के साथ भी बैठक कर सहयोग मांगा जा रहा है. कमेटी के सदस्यों ने बताया कि जलसे की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.

उन्होंने बताया कि करीब 21 एकड़ भूमि पर पंडाल लगाया गया है, जबकि 100 एकड़ से अधिक जमीन को बैठने के लिए रिजर्व किया गया है. इसके अतिरिक्त यातायात की व्यवस्था के लिए शहर की सभी दिशाओं में 20-20 एकड़ की पार्किंग बनाई गई है. कार्यक्रम स्थल के आस-पास यातायात की सभी गतिविधियों को बंद रखा जाएगा, सिर्फ पैदल ही लोग आ और जा सकेंगे. पंडाल के बाहर यातायात को लेकर पुलिस के जवान भी तैनात किए जाएंगे. पंडाल के अंदर की व्यवस्था जमात से जुड़े वॉलंटियर संभालेंगे.

जलसा कमेटी की ओर से नियुक्त किए गए मीडिया कोऑर्डिनेटर रफीक मास्टर ने बताया कि मेवात में हर वर्ष जलसा का आयोजन किया जाता है. राजस्थान, उत्तर प्रदेश और दिल्ली सहित कई राज्यों में मेवात के नाम से ही जलसा आयोजित होता है. पिछली बार जलसा का आयोजन राजस्थान के मेवात क्षेत्र में किया गया था. इस बार नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका शहर को चुना गया है. यहां से 60 किलोमीटर अलवर, 60 किलोमीटर कामां, 60 किलोमीटर सोहना इत्यादि जगहें हैं जहां पर मेवात बसता है, यहां से लाखों की संख्या में लोग शामिल होंगे.


Next Story