भारत

अयोध्या में झूला उत्सव आज से शुरू

Subhi
29 July 2025 6:48 AM IST
अयोध्या में झूला उत्सव आज से शुरू
x

Ayodhya: अयोध्या में आज के प्रणीत पदों के गायन के साथ सावन शुक्ल तृतीया के अवसर पर प्रसिद्ध सावन झूलनोत्सव की भव्य शुरुआत हो गई। सैकड़ों मंदिरों से भगवान श्रीराम और माता सीता की झूलनोत्सव यात्रा गाजे-बाजे और शोभायात्रा के साथ मणि पर्वत के लिए रवाना हो रही है। प्राचीन मणि पर्वत पर अयोध्या के मंदिरों के भगवान के विग्रह झूला झूलेंगे। कनक भवन, दशरथ महल, हनुमत निवास और मणिराम दास छावनी सहित कई मंदिरों से भगवान की प्रतिमाएं निकाली जाएंगी।

मणि पर्वत पर पेड़ों की डालियों पर विशेष रूप से सजाए गए झूलों पर श्रीराम व सीता को विराजमान किया जा रहा है। संतों का समूह भजन, कीर्तन और नृत्य के माध्यम से उत्सव का उल्लास प्रकट कर रहा है। इसके बाद शोभायात्राएं अपने-अपने मंदिरों को लौटेंगी। इस शुभ अवसर से अयोध्या के करीब 1000 मंदिरों में 12 दिवसीय सावन झूला उत्सव की शुरुआत हो रही है, जो नौ अगस्त रक्षाबंधन तक चलेगा। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अयोध्या को छह जोन में बांटा गया है। लगभग 3000 सुरक्षा कर्मी तैनात किए गए हैं। मणि पर्वत मार्ग पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। रूट डायवर्जन लागू है।

Next Story