ममता का हाथ PA की हत्या मामले में, सुवेंदु अधिकारी का गंभीर आरोप

बंगाल। पुश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता और BJP नेता सुवेंदु अधिकारी ने आरोप लगाया है कि उनके निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ की हत्या एक 'सोची-समझी साज़िश' का नतीजा है। उन्होंने दावा किया कि चंद्रनाथ को इसलिए निशाना बनाया गया क्योंकि वह हमसे जुड़े थे और हमने भबानीपुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को चुनाव में हराया है। जब रथ का पार्थिव शरीर अस्पताल से मध्यमग्राम स्थित उनके आवास पर लाया जा रहा था, तब पत्रकारों से बात करते हुए अधिकारी ने कहा, "जिस तरह से यह हत्या की गई है, उसकी हम जितनी भी निंदा करें, वह कम है। उसे इसलिए मारा गया क्योंकि वह मेरा सहयोगी था, और मैंने भबानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। उसकी हत्या का कारण यही हो सकता है।"
हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए भाजपा नेता ने आगे कहा, "मैं उसके परिवार के साथ खड़ा हूँ, और परिवार की मांग है कि इस हत्या को अंजाम देने वालों को पकड़ा जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि उन्हें सज़ा मिले। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चला है कि उसे 4 गोलियां मारी गई थीं... यह हत्या एक सोची-समझी साज़िश थी।"
अपने पीए की हत्या को एक टारगेट किलिंग बताते हुए अधिकारी ने आरोप लगाया वारदात को बड़ी ही बारीकी से अंजाम दिया गया। उन्होंने कहा, "यह एक सुनियोजित ऑपरेशन था। कई दिनों तक रेकी की गई थी और पीड़ित को करीब से गोली मारने से पहले उसका पीछा किया गया था।" उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि पोस्टमार्टम से संकेत मिलता है कि उसे बहुत करीब से कई गोलियां मारी गई थीं ताकि उसकी तत्काल मौत सुनिश्चित की जा सके।





