भारत

नवदंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी: पति फंदे पर लटका मिला, गर्भवती पत्नी की भी गई जान

SHIDDHANT
12 May 2026 9:17 PM IST
नवदंपती की संदिग्ध मौत से सनसनी: पति फंदे पर लटका मिला, गर्भवती पत्नी की भी गई जान
x
पुलिस जांच में जुटी
Gorakhpur गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में शादी के महज पांच महीने बाद नवदंपती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। बेलघाट थाना क्षेत्र के मुकरीबपुर गांव में मंगलवार सुबह पति का शव कमरे में फंदे से लटका मिला, जबकि गर्भवती पत्नी मृत अवस्था में बेड पर पड़ी थी। महिला के मुंह से झाग निकलने के कारण जहरीला पदार्थ खाने की आशंका जताई जा रही है।
मृतकों की पहचान 25 वर्षीय शादाब और उसकी 23 वर्षीय पत्नी निकहत के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला। कई बार आवाज लगाने के बावजूद अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो परिवार वालों ने दरवाजा तोड़ा। कमरे के अंदर का दृश्य देखकर सभी दंग रह गए।
बताया जा रहा है कि शादाब का शव पंखे से लटका हुआ था, जबकि निकहत बेड पर बेसुध पड़ी थी। निकहत गर्भवती थी, जिससे घटना और भी दर्दनाक हो गई। परिवार वालों ने आशंका जताई है कि दोनों ने आत्महत्या की हो सकती है, हालांकि मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस पारिवारिक विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। गांव में इस घटना के बाद मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Next Story