भारत

युवक की संदिग्ध मौत, वैशाली में जहरीला पदार्थ खाने से परिवार के तीन सदस्यों की जान गई

SHIDDHANT
13 Nov 2026 9:18 PM IST
युवक की संदिग्ध मौत, वैशाली में जहरीला पदार्थ खाने से परिवार के तीन सदस्यों की जान गई
x
पारिवारिक विवाद
मध्य प्रदेश: रतलाम जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। दरअसल, रतलाम के पिपलोदा थाने के पिपलोदा नगर में शुक्रवार को एक युवक अपने कमरे के अंदर फंदे से लटका हुआ मिला। युवक की पहचान 31 वर्षीय मयूर पटेल के रूप में हुई है। मामले को लेकर पुलिस ने बताया कि बीती रात वह अपनी पत्नी को बस में बैठाकर घर आया था। फिर रात को खाना खाया और कमरे में सोने के लिए गया, लेकिन जब सुबह दरवाजा परिवार वालों द्वारा बार-बार खटखटाने पर भी कोई जवाब अंदर से नहीं आया तो दरवाजा तोड़ा गया, लेकिन मयूर फंदे से झूल रहा था।
पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इसी के साथ मामले से जुड़ी जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है। एक अन्य मामला शुक्रवार को बिहार के वैशाली जिले से सामने आया, जहां गोरौल थाना क्षेत्र के प्रेमराज गांव में एक ही परिवार के चार सदस्यों के जहर खाने का मामला सामने आया है। घटना में सास, बहू और एक पोते की मौत हो गई, जबकि पोती की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे जमीन बेचने को लेकर पारिवारिक विवाद की बात सामने आ रही है। बताया गया कि परिवार का बेटा राहुल लगातार जमीन बेच रहा था। आरोप है कि वह गुरुवार को भी जमीन बेचकर घर से फरार हो गया था। इसी विवाद के बाद परिवार के चार सदस्यों ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हालांकि, घटना के वास्तविक कारणों और परिस्थितियों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
Next Story