भारत

आईआईटी-दिल्ली में नहीं हो सका जातिगत भेदभाव पर सर्वे

jantaserishta.com
11 Sept 2023 2:02 PM IST
आईआईटी-दिल्ली में नहीं हो सका जातिगत भेदभाव पर सर्वे
x
नई दिल्ली: आईआईटी दिल्ली में बीते दिनों दो दलित छात्रों की आत्महत्या के मामले सामने आए थे। इसके उपरांत आईआईटी दिल्ली के छात्रों में मानसिक तनाव व जातिगत भेदभाव जानने के लिए एक सर्वे शुरू किया। हालांकि आईआईटी दिल्ली का यह सर्वे शुरू होते ही महज कुछ घंटों के भीतर बंद करना पड़ा।
दरअसल छात्रों का कहना है कि सर्वे में पूछे गए सवाल पूर्वाग्रह से ग्रसित थे। आईआईटी दिल्ली में लगभग 2 महीने के दौरान दो छात्रों की आत्महत्या के बाद, छात्र प्रकाशन बोर्ड (बीएसपी) द्वारा प्रसारित जातिगत भेदभाव पर एक परिसर-व्यापी सर्वेक्षण शुरू किया गया था। हालांकि जल्द ही आईआईटी के भीतर सर्वेक्षण को लेकर विरोध शुरू हो गया। छात्रों का कहना है कि सर्वेक्षण का डिजाइन पक्षपाती, असंवेदनशील और समस्याग्रस्त है। वहीं आईआईटी दिल्ली के एससी एसटी सेल का कहना था कि सर्वेक्षण पर उनसे कोई परामर्श तक नहीं किया गया।
गौरतलब है कि जुलाई में बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र आयुष आशना ने आत्महत्या की थी। इसके बाद इसी विभाग के एक और छात्र अनिल कुमार की भी आत्महत्या का मामला सामने आया। कुमार की मौत के बाद आईआईटी-दिल्ली के छात्रों में जातिगत भेदभाव के संकेतों की जांच करने और गणित एवं कंप्यूटिंग विभाग में जांच शुरू करने की मांग को लेकर नए सिरे से आक्रोश पैदा हो गया। आईआईटी दिल्ली कैंपस के छात्रों ने बताया कि उन्हें बीएसपी के प्रकाशनों में से एक ‘द इन्क्वायरर’ के अगले संस्करण के लिए किए जा रहे एक सर्वे के बारे में पता चला था। बीएसपी संस्थान का आधिकारिक तौर पर मान्यता प्राप्त छात्र प्रकाशन है और इसका नेतृत्व रसायन विज्ञान विभाग के एक प्रोफेसर करते हैं।
‘जाति-आधारित भेदभाव पर छात्र सर्वे’ शीर्षक वाले सर्वे में नौ खंड शामिल थे, जिनमें कुल लगभग 45 प्रश्न थे, और इसे गूगल फॉर्म पर प्रसारित किया जा रहा था।सर्वे में उत्तरदाताओं की पहचान गोपनीय रखने की बात कही गई थी। हालांकि आईआईटी दिल्ली के छात्र इस सर्वे से संतुष्ट नहीं थे। उनका कहना था कि सर्वे में पूछे गए प्रश्न आपत्तिजनक हैं। सर्वे तैयार करने या पूछे जाने से पहले एससी-एसटी सेल की मंजूरी नहीं ली गई। इस इस प्रकार के गैर तार्किक प्रश्नों से समस्या को सुलझाने में मदद मिलना मुश्किल है।
आईआईटी दिल्ली स्थित बीएसपी ने यह स्वीकार किया कि सर्वे से पहले प्रक्रिया का पूरी तरह से पालन नहीं किया गया। यही कारण रहा कि बीएसपी ने सर्वे वापस ले लिया है। गौरतलब है कि आईआईटी में हुए आत्महत्या के इन मामलों से अन्य संस्थानों के छात्र भी परेशान हुए हैं। विभिन्न विश्वविद्यालयों के कई छात्र संगठनों ने इस पर गहरा असंतोष जाहिर करते हुए प्रशासन से ऐसे मामलों को रोके जाने की मांग की है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story