
x
5 लाख क्यूसेक पार हुआ पानी बंद हुई नहरें खुले 69 गेट
Rohtas रोहतास। बिहार के रोहतास जिले में लगातार बारिश और सोन नदी के ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से भारी मात्रा में पानी आने के कारण इंद्रपुरी बैराज पर जलदबाव बढ़ गया है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बैराज के सभी 69 गेट खोल दिए गए हैं। बैराज से सोन नदी के निचले हिस्से में 5,16,520 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसके बाद नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
सिंचाई सृजन जल संसाधन विभाग डेहरी के मुख्य अभियंता अजय कुमार सिंह के मुताबिक मंगलवार शाम छह बजे इंद्रपुरी बैराज पर 5,16,520 क्यूसेक पानी उपलब्ध था। बैराज का जलस्तर 355 फीट पर संतुलित रखने के लिए सभी गेट खोलकर अतिरिक्त पानी को सोन नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
इंद्रपुरी बैराज पर बढ़े जलदबाव के पीछे लगातार बारिश के साथ ऊपरी क्षेत्रों में स्थित जलाशयों से छोड़े जा रहे पानी को भी बड़ी वजह माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक रिहंद जलाशय से 17,507 क्यूसेक और वाणसागर जलाशय से 1,15,710 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। वहीं मुहम्मदगंज भीम बैराज से 1,60,058 क्यूसेक पानी की निकासी की गई है।
विभिन्न स्रोतों से लगातार पानी पहुंचने के कारण इंद्रपुरी बैराज पर दबाव बढ़ा है। पांच लाख क्यूसेक से ज्यादा पानी का डिस्चार्ज होने के चलते फिलहाल प्रमुख लिंक नहरों में पानी की आपूर्ति भी बंद कर दी गई है। विभाग के अनुसार ऐसी स्थिति में अतिरिक्त पानी को सुरक्षित तरीके से सोन नदी के निचले हिस्से में भेजने को प्राथमिकता दी जाती है।
भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण सोन नदी के निचले इलाकों में जलस्तर बढ़ने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और जल संसाधन विभाग स्थिति पर लगातार नजर रख रहे हैं। नदी किनारे रहने वाले लोगों से तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने और अनावश्यक रूप से नदी में नहीं उतरने की अपील की गई है। लगातार बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी की आवक जारी रहने के कारण आने वाले समय में बैराज और सोन नदी के जलस्तर पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
Next Story





