
मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (SP) की कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले की कार का ऐक्सिडेंट हो गया। शनिवार को मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर उनकी कार को एक अन्य वाहन ने टक्कर मार दी, लेकिन वह और उनके सा्थ मौजूद अन्य लोग पूरी तरह से सुरक्षित हैं। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, 'आज पुणे से मुंबई आते समय मुझे राजमार्ग पर एक भयावह अनुभव हुआ जब लापरवाही से वाहन चलाते हुए गुजरात के पंजीकरण नंबर वाले एक वाहन के चालक ने मेरी कार को बगल से टक्कर मार दी।'
बारामती से सांसद ने कहा, 'शुक्र है, सभी सुरक्षित हैं।' सुले ने कहा कि यह घटना सभी के लिए एक गंभीर चेतावनी है कि तेज गति से और लापरवाही से गाड़ी चलाना जानलेवा हो सकता है। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि वे सीट बेल्ट पहनें, सतर्क रहें और जिम्मेदारी से वाहन चलाएं ताकि राजमार्ग सभी के लिए सुरक्षित रहें। सुले ने सोशल मीडिया पर टक्कर मारने वाले वाहन की नंबर प्लेट भी सोशल मीडिया पर शेयर की है।
बता दें कि सुप्रिया सुले के चचेरे भाई और पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके बाद बारामती सीट पर उपचुनाव करवाए गए। सुप्रिया सुले ने परिवार के खिलाफ अपना प्रत्याशी नहीं उतारा। सुनेत्रा पवार ने बारामती विधानसभा उपचुनाव में बड़े अंतर से जीत हासिल करने के दो दिन बाद बुधवार को राज्यसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। पवार ने उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति सी पी राधाकृष्णन को अपना इस्तीफा सौंपा। यह जानकारी उनके बेटे और राज्यसभा सदस्य पार्थ पवार ने दी। अपने पति अजित पवार की मृत्यु के बाद हुए बारामती उपचुनाव में सुनेत्रा पवार ने 2,18,034 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल की।लोकसभा चुनाव हारने के बाद वह जून 2024 में राज्यसभा सदस्य बनीं। उनके पति अजित पवार की बारामती में विमान दुर्घटना में मृत्यु के कुछ दिनों बाद, 31 जनवरी को उन्होंने महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी।





