
दिल्ली। अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की धरती पर वापसी एक बार फिर से अटक गई है. अंतरिक्ष में 9 महीने से फंसी सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी की बड़ी उम्मीद थी. अमेरिका की स्पेस एजेंसी नासा सुनीता की वापसी सुनिश्चित करने के लिए क्रू-10 नाम का एक स्पेसशिप लॉन्च करने वाली थी.
लेकिन तकनीकी दिक्कतों की वजह से क्रू-10 की लॉन्चिंग को टालनी पड़ी. NASA ने कहा कि क्रू-10 में हाइड्रोलिक सिस्टम में दिक्कत की वजह से इसकी लॉन्चिंग रोकनी पड़ी. भारतीय मूल की अंतरिक्ष यात्री सुनीता की वापसी के लिए क्रू-10 महत्वपूर्ण है क्योंकि इसका उद्देश्य क्रू-9 की जगह लेना है. क्रू-9 से ही अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर स्पेस गए हैं. नासा ने पहले कहा था कि क्रू-9 अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) से तभी वापस आ सकता है जब क्रू-10 अंतरिक्ष में लॉन्च हो जाए.
गौरतलब है कि सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर की वापसी में स्वयं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप रूचि ले रहे हैं. उन्होंने स्पेस एक्स के मालिक एलन मस्क को भी इसकी जिम्मेदारी दी है. ट्रंप ने कुछ ही दिन पहले कहा था कि बाइडेन ने सुनीता और बुच विल्मोर को अंतरिक्ष में ही छोड़ दिया है. उन्होंने कहा कि इस बारे में एलन मस्क से उनकी बात हुई है और वे मस्क ने इसके लिए हामी भर दी है.





