भारत

विपक्ष के हर प्रहार पर सुक्खू का पलटवार

Shantanu Roy
23 Nov 2026 10:10 PM IST
विपक्ष के हर प्रहार पर सुक्खू का पलटवार
x
धर्मशाला। धर्मशाला तपोवन में हुए विधानसभा के शीतकालीन सत्र में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का अंदाज एक जुझारू नेता के रूप में नजर आया। विपक्ष ने जब-जब सरकार को घेरने की कोशिश की, मुख्यमंत्री स्वयं जवाब देने के लिए आगे आए। पूर्व भाजपा सरकार के फैसलों से लेकर प्रदेश की संपत्तियों और आर्थिक हितों तक, हर मुद्दे पर उन्होंने अपना पक्ष मजबूती से रखा। सत्र के दौरान मुख्यमंत्री का सबसे आक्रामक रुख पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में उद्योगों को जमीन आबंटन के मामलों पर रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि बद्दी क्षेत्र में करीब 5000 बीघा जमीन उद्योगों को रियायती शर्तों पर दी गई और स्टांप ड्यूटी में छूट से प्रदेश को करोड़ों रुपए का नुकसान हुआ।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि जिन कंपनियों ने जमीन लेने के बावजूद उद्योग स्थापित नहीं किए, उनसे जमीन वापस लेने के लिए सरकार कदम उठाएगी। हिमकेयर योजना में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाकर भी सुक्खू ने विपक्ष पर हमला बोला। बीबीएमबी से हिमाचल के लंबित बकाया का मामला उठाते हुए उन्होंने इसे प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई बताया। विपक्ष की ओर से प्रदेश की आर्थिक स्थिति और सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए गए सवालों का भी मुख्यमंत्री ने जवाब दिया। सहारा योजना को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि योजना बंद नहीं हुई है और पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता जारी है।
Next Story