भारत

यूक्रेन से देश लौटे छात्रों ने कहा- हमें भारत सरकार पर पूरा भरोसा था

Rani Sahu
26 Feb 2022 10:57 PM IST
यूक्रेन से देश लौटे छात्रों ने कहा- हमें भारत सरकार पर पूरा भरोसा था
x
यूक्रेन में फंसे 219 भारतीयों को लेकर पहली निकासी उड़ान शनिवार रात महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी

यूक्रेन में फंसे 219 भारतीयों को लेकर पहली निकासी उड़ान शनिवार रात महाराष्ट्र के मुंबई में उतरी। विमान ने आज दोपहर रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट से उड़ान भरी थी। उनके स्वागत के लिए केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल हवाई अड्डा पर मौजूद रहे।

यूक्रेन से लौटने पर एक छात्रा ने बताया कि हमने देखा कि वहां कैसी स्थिति थी, लेकिन भारत सरकार ने इतने कम समय में हमें निकाल कर यहां पहुंचा दिया। भारत के ज्यादा से ज्यादा बच्चों को निकाला जा रहा है। एमबीबीएस के एक छात्र का बताया कि मुझे भारत सरकार पर पूरा भरोसा था कि हमें हमारे देश वापस जरूर लाया जाएगा। वहां थोड़ा डर लग रहा था, लेकिन हम भारत वापस आकर बहुत खुश हैं।
वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि पहली उड़ान मुंबई पहुंच चुकी है। दूसरी उड़ान रविवार सुबह दिल्ली पहुंचने की उम्मीद है। हम अपने बच्चों को यूक्रेन की सीमाओं तक पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। भारतीय दूतावास के अधिकारी उन्हें यूक्रेन सीमा से पड़ोसी देशों के हवाई अड्डों तक ले जा रहे हैं।
दूसरा बैच भी जल्द दिल्ली पहुंच जाएगा
उन्होंने कहा कि जब से ये संकट शुरू हुआ, प्रधानमंत्री चिंता में थे कि कैसे हमारे बच्चे, हमारे नागरिक सुरक्षित भारत लौट सकें। रूट बनाए गए, आस-पास के देशों के साथ संपर्क किया गया, हेल्पलाइन एक्टिव की गई। संतोष की बात है कि आज हमारे 219 बच्चे भारत पहुंचे हैं। उन्होंने बताया कि दूसरा बैच भी जल्द दिल्ली पहुंच जाएगा। अब लगातार प्रयास रहेगा कि जल्द से जल्द सभी को वापस लाया जाए। प्रधानमंत्री मोदी लगातार इस कार्यक्रम को मॉनिटर कर रहे हैं।
छात्रों के अभिभावकों से बातचीत की
इस बीच केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन ने यूक्रेन में फंसे छात्रों के अभिभावकों से बातचीत की। उन्होनें ने बताया कि मैंने उनकी बात सुनी और उनके बच्चों की सुरक्षा और भलाई के बारे में चिंताओं का जवाब दिया। हमने प्रत्येक छात्र को सुरक्षित रूप से वापस लाने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता से अवगत कराया।
Next Story