भारत

स्कूल कैंटीन की पैटीज खाने के बाद छात्र की मौत, परिजनों ने हंगामा किया

jantaserishta.com
14 Aug 2026 11:39 AM IST
स्कूल कैंटीन की पैटीज खाने के बाद छात्र की मौत, परिजनों ने हंगामा किया
x
सावधान!
जयपुर: जयपुर के झोटवाड़ा में महाराणा प्रताप स्कूल में 12वीं क्लास के स्टूडेंट की बुधवार को पेटीज खाने के बाद तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। परिजनों ने स्कूल स्टाफ की लापरवाही के कारण छात्र की मौत होने का आरोप लगाया है। उन्होंने गुरुवार दोपहर कांटा चौराहा के पास स्थित स्कूल पहुंचकर हंगामा किया।
झोटवाड़ा थाना के ASI नरेंद्र कुमार ने बताया- झोटवाड़ा की बृजमंडल कॉलोनी निवासी प्रिंस सोनी (17) की मौत हुई है। वह मम्मी-पापा और बड़ी बहन के साथ रहता था। प्रिंस के चाचा अनुराग सोनी का आरोप है कि लंच टाइम में बुधवार सुबह 11 बजे प्रिंस ने स्कूल कैंटीन से पेटीज खरीदकर खाई थी। खराब और ऑयली होने के कारण वह प्रिंस के गले में अटक गई।
वहां मौजूद टीचर्स ने ध्यान नहीं दिया। सिर्फ उसकी पीठ थपथपाकर बेंच पर लिटा दिया। स्कूल से महज 100 मीटर की दूरी पर हॉस्पिटल है। इसके बावजूद वे परिजनों को कॉल कर प्रिंस की तबीयत खराब होने के बारे में बताते रहे।
डीसीपी वेस्ट प्रशांत किरण ने कहा- बच्चे के परिजन ने आशंका जताई है कि स्कूल में किसी प्रकार की लापरवाही की वजह से बेटे की मौत हुई है। इस पर भी मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। मौके पर फुटेज देखकर कार्रवाई की जाएगी।
चाचा अनुराग सोनी का कहना है- स्कूल स्टाफ बार-बार कॉल कर फोर व्हीलर लेकर आना… जल्दी आ जाओ… कहते रहे। स्कूल प्रशासन की ओर से कोई भी प्राथमिक इलाज उपलब्ध नहीं करवाया गया। परिजन स्कूल पहुंचे और प्रिंस को नजदीकी प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टर्स ने उसे मणिपाल हॉस्पिटल भेज दिया, जहां डॉक्टर्स ने प्रिंस को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची झोटवाड़ा थाना पुलिस ने शव को कांवटिया हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी भिजवाया। पुलिस ने गुरुवार सुबह पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रिंस की संदिग्ध परिस्थिति में मौत से गुस्साए परिजनों के साथ बड़ी संख्या में लोग आज दोपहर स्कूल पहुंचे। लोगों ने स्कूल में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने स्कूल प्रशासन की लापरवाही को प्रिंस की मौत का जिम्मेदार बताया।
छात्र के क्लासमेट ने बताया- प्रिंस ने पेटीज खाई थी। उसके गले में अटकने पर वह पानी पीने के लिए भागा। फिर वह बेहोश हो गया। उसे आधे घंटे तक बैठाकर रखा। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे। उसके होंठ नीले पड़ गए। स्कूल वाले कहते रहे उसके पेरेंट्स आएंगे, जब लेकर जाएंगे।
बॉयो वाले सर स्कूल में मौजूद थे। उनको भी नहीं बुलाया गया। सबसे बड़ी भूमिका स्कूल इंचार्ज की है। उसको सिर्फ लिटाकर रखा। आधे घंटे तक उसे स्कूल में ही रखा, जबकि 10 मिनट की दूरी पर हॉस्पिटल है। स्कूल वालों ने हमें मिलने तक नहीं दिया उससे। नहीं तो हम उसे खुद उठाकर हॉस्पिटल ले जाते। हमारे पूछने पर ऐसे बोलते रहे कि सब सही है, कुछ नहीं हुआ। लंच से पहले वह बिल्कुल सही था। हमारे साथ बातचीत हंसी-मजाक कर रहा था। लंच के बाद हमें क्लास में भेज दिया। डेढ़ घंटे बाद हमें बताया कि प्रिंस का बैग दे आओ वह हॉस्पिटल में है।
स्कूल इंचार्ज माधवी का कहना है- मेरे ऊपर प्रिंसिपल, प्रशासन भी है। मेरे साथ चार लोग और थे। मैंने उनसे कहा कि हॉस्पिटल लेकर चलते हैं। इसमें 4 लोगों की सहमति बननी चाहिए। मैं तो खुद ऑटो से आती हूं, मेरे पास कार नहीं है। डायरेक्टर मैडम वहां मौजूद थीं, उनके कहने पर ही काम होता है।
प्रिंसिपल ममता शर्मा ने बताया- लंच होने के बाद बच्चा दौड़ता हुआ आया। पानी पीने के दौरान उसने कुछ इशारा किया। वहां खड़ी इंचार्ज मैडम ने उसकी पीठ थपथपाई। पीठ थपथपाने के बाद वह अचेत (बेहोश) होने लगा। मैडम ने वहां पर खड़े राजेश सर सहित अन्य टीचर्स को भी बुलाया। टीचर्स ने उसे संभालकर सोफा पर लिटाया। उसके बाद तुरंत परिजनों को कॉल कर सूचना दी। तीन से चार बार पेरेंट्स से भी बात हुई। हमने एंबुलेंस बुलाने के लिए कॉल किए थे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story