बोर्ड परीक्षा की तैयारी के बीच स्टूडेंट ने छात्रावास में किया सुसाइड, फैली सनसनी

राजस्थान। भरतपुर में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित राजकीय अंबेडकर छात्रावास में एक 16 वर्षीय छात्र ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक छात्र कक्षा 12 में पढ़ता था और आगामी 12 फरवरी से शुरू होने वाली राजस्थान बोर्ड परीक्षा की तैयारी कर रहा था.यह घटना मथुरा गेट थाना इलाके में स्थित छात्रावास की है. छात्र की पहचान बयाना के गांव सिंघाड़ा निवासी पंकज के रूप में हुई है. वह पिछले दो वर्षों से छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा था. घटना का पता सोमवार सुबह उस समय चला जब छात्रावास का चौकीदार उसे नाश्ते के लिए बुलाने उसके कमरे पर पहुंचा. काफी देर तक गेट नहीं खुला तो कमरे का दरवाजा तोड़ा गया. अंदर छात्र पंखे से लटका हुआ मिला.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र को फंदे से उतारकर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों को घटना की जानकारी दी गई. उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया.
छात्रावास के अधीक्षक गौरव सारस्वत ने बताया कि पंकज कल ही सात दिन की छुट्टी के बाद गांव से लौटकर आया था. जिस हॉल में वह रहता था वहां करीब 14 अन्य छात्र भी रहते हैं. रविवार होने के कारण अधिकतर छात्र बाहर चले गए थे. सिटी सीओ पंकज यादव ने कहा कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है. पुलिस यह जांच कर रही है कि क्या छात्र परीक्षा के दबाव या डिप्रेशन में था.





