
x
बारिश बनी काल
Delhi दिल्ली। राजधानी दिल्ली में तेज बारिश के दौरान जलभराव के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। द्वारका जिले के बिंदापुर थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्र कौशल की करंट लगने से मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम छा गया है। जानकारी के मुताबिक, मृतक कौशल आठवीं कक्षा का छात्र था और शुक्रवार शाम अपनी बुआ के घर दाल-चावल खाने के लिए जा रहा था। बारिश के कारण इलाके की गलियों में पानी भर गया था। इसी दौरान वह नंदराम पार्क इलाके से गुजर रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान एक बाइक वहां से निकली। बाइक के कारण पानी के छींटे और टक्कर से बचने के लिए कौशल पीछे हट गया। सहारे के लिए उसने बिजली के खंभे के पास लगे लोहे के पाइप को पकड़ लिया। इसी दौरान पाइप में करंट आने से वह उसकी चपेट में आ गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की जानकारी तुरंत दी, लेकिन छात्र को बचाया नहीं जा सका। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
परिवार ने इस घटना के लिए जलभराव और बिजली विभाग की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। परिजनों का कहना है कि अगर समय रहते सुरक्षा के इंतजाम किए जाते तो उनके इकलौते बेटे की जान बच सकती थी। घटना के बाद राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कांग्रेस नेता ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। हादसे के बाद इलाके में लोगों में भी नाराजगी है और जलभराव के दौरान बिजली सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
Next Story





