भारत

DUSU नतीजों के बाद छात्र सभा का प्रदर्शन, सड़क रोकने पर पुलिस से नोकझोंक

SHIDDHANT
19 Sept 2026 8:22 PM IST
DUSU नतीजों के बाद छात्र सभा का प्रदर्शन, सड़क रोकने पर पुलिस से नोकझोंक
x
Delhi दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) चुनाव 2026 के नतीजे घोषित होने के बाद समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान सड़क अवरुद्ध करने को लेकर छात्रों और दिल्ली पुलिस के बीच तीखी बहस हुई। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी।
DUSU चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने चार केंद्रीय पदों में से तीन पर जीत दर्ज की। अध्यक्ष पद पर यश डबास, सचिव पद पर रिया छाबड़ी और संयुक्त सचिव पद पर लक्ष्य राज सिंह विजयी हुए। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन ने जीत दर्ज की।
चुनाव नतीजों के बाद समाजवादी छात्र सभा के कार्यकर्ता प्रदर्शन के लिए सड़क पर उतरे। प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने सड़क पर आवाजाही रोकने की कोशिश की। पुलिसकर्मियों ने उन्हें सड़क खाली करने और यातायात बाधित नहीं करने के लिए कहा। इसी बात को लेकर छात्रों और पुलिस के बीच बहस शुरू हो गई।
मौके पर तनाव बढ़ने के बाद प्रदर्शनकारी छात्रों ने दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारे लगाए। इसी दौरान पुलिस और छात्रों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। हालांकि उपलब्ध शुरुआती जानकारी में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है। DUSU चुनाव को देखते हुए दिल्ली विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाकों में पहले से ही सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। मतगणना के दौरान 2,000 से अधिक पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों की तैनाती की गई थी।
दिल्ली हाई कोर्ट ने भी चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद किसी तरह के विजय जुलूस पर रोक लगाई थी। अदालत ने दिल्ली पुलिस को निर्देश दिया था कि सड़कों के साथ कॉलेज और हॉस्टल परिसरों में भी विजय जुलूस न होने दिया जाए। फिलहाल प्रदर्शन और पुलिस से हुई नोकझोंक को लेकर समाजवादी छात्र सभा तथा दिल्ली पुलिस की विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आने का इंतजार है।
Next Story