भारत

कैफे में युवक को अधमरा होने तक दबंग ने पीटा, वीडियो वायरल

Nil dhankar
7 Aug 2026 7:58 AM IST
कैफे में युवक को अधमरा होने तक दबंग ने पीटा, वीडियो वायरल
x

यूपी। कानपुर में साकेतनगर स्थित एक कैफे में मोबाइल की तफरीबाजी उपद्रव में बदल गई। दरअसल, वहां बैठे के एक युवक का दबंग ने मोबाइल लेकर अपने साथी को पकड़ा दिया। इसी बात पर विवाद हुआ तो दबंग ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को बेरहमी से पीट दिया। 40 सेकेंड में युवक को 21 बार लात-घूंसे और तीन से चार बार कुर्सियां मारी गईं। सिर पर रॉड से भी हमला किया गया। कैफे संचालक को भी घेरकर पीटा गया।

आरोप है कि हमलावर पीड़ित युवक का मोबाइल भी ले गए। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि आपका अपना अखबार ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। हनुमंत विहार पुलिस पांच नामजद समेत नौ लोगों पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच कर रही है। मामले में मिली जानकारी के अनुसार नौबस्ता के तौधकपुर दीनदयाल पुरम निवासी रोशन खरे सोलर पैनल का काम करता है। रोशन ने बताया कि दोस्त हिमांशु टी-एएमओ कैफे में काम करता है। बुधवार रात करीब साढ़े दस बजे हिमांशु से मिलने कैफे गया था। उसके व्यस्त होने पर कुर्सी पर बैठकर मोबाइल में सीआईडी देखने लगा। इस बीच बगल में बैठे दबंग सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा ने मोबाइल अपनी ओर खींच लिया और मांगने पर बगल में बैठे अपने दोस्त को पकड़ा दिया।

विरोध पर सिद्धार्थ उससे गाली-गलौज करने लगा तो शोरशराबा सुनकर उसके साथी भी आए। सभी ने उसे बेरहमी से पीटा। उन लोगों ने युवक को घेरकर उसे लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद कुर्सियां भी मारीं। फिर उसके सिर पर लोहे की रोड से हमला कर दिया। उसका फोन छीनकर अपने साथ ले गए। वहीं, कैफे संचालक ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो कैफे संचालक को भी पीटा गया। इसके बाद वो सभी वहां से फरार हो गए। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस के मुताबिक सिद्धार्थ उर्फ पासा पर आधा दर्जन से अधिक मुकदमे हैं। वह गोविंदनगर थाने से जेल भी जा चुका है। दो दिन पहले उसने बर्रा थाना क्षेत्र में भी किसी को पीटा था। मामले में जानकारी देते हुए डीसीपी दक्षिण, दीपेंद्रनाथ चौधरी ने कहा कि पीड़ित की तहरीर पर सिद्धार्थ द्विवेदी उर्फ पासा, सिंपी पांडे, आदित्य धमनिया, छोटू, प्रांशु तिवारी और तीन से चार अज्ञात पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपितों की धरपकड़ के टीम लगी है। मामले में जांच जारी है। घायलों का इलाज करवाया गया है।

Next Story